''भार बन गई BJP...'' UP में बिजली संकट पर भड़के अखिलेश यादव, विधायकों की चिट्ठी को बताया टिकट का आवेदन
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 10:58 AM (IST)
Lucknow News: समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में बिजली संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि उप्र में असहनीय महा विद्युत आपदा की वजह से लगातार बढ़ते आक्रोश से बचने के लिए भयभीत भाजपाई विधायक-सांसद दिखावटी चिट्ठी का कागजी कवच बना रहे हैं।
विधायकों की चिट्ठी टिकट का आवेदन, गठबंधन में नहीं मिलेगी जगह
यादव ने सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि यह चिट्ठी दरअसल अपनी सरकार को लिखा कोई जन हित का पत्र नहीं है, बल्कि भाजपा रूपी डूबते जहाज को छोड़कर विपक्ष से आगामी चुनावों में टिकट पाने के लिए आवेदन पत्र है। उन्होंने साफ किया कि हमारे गठबंधन में ऐसे नेताओं के लिए कोई जगह नहीं है, जो जनता को दुख-दर्द और दिक्कतों के सिवा कुछ नहीं देते हैं।
जानलेवा गर्मी में जनता बेहाल, अफसर बन गया है स्वयं आपदा
सपा प्रमुख ने कहा कि इस जानलेवा गर्मी में परिवारों में बड़े बुजुर्गों, बीमारों, बच्चों और खाने-पानी की व्यवस्था में झुलसती महिलाओं की क्या दुर्दशा हो रही है, ये केवल परिवारवाले ही समझ सकते हैं। कभी आपदा में अवसर ढूंढने वालों ने, अवसर की जगह जिस अफसर को ढूंढा था, वो अफसर अब स्वयं आपदा साबित हो रहा है।
उप्र में असहनीय ‘महा विद्युत आपदा’ की वजह से लगातार बढ़ते आक्रोश से बचने के लिए भयभीत भाजपाई विधायक-सांसद दिखावटी चिट्ठी के रूप में जिस ‘काग़ज़ी कवच’ से ख़ुद को बचाना चाह रहे हैं, वो चिट्ठी दरअसल अपनी सरकार को लिखा कोई ‘जन हित का पत्र’ नहीं है बल्कि भाजपा रूपी डूबते जहाज़ को…
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 25, 2026
नाकाम मंत्रियों को हटाएं मुख्य जी, करें मंत्रिमंडल का विस्तार
अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि समस्या का समाधान पूछने पर दोनों हाथ खड़ा करके नारा लगाकर बच निकलने वालों के रहते समस्या नहीं सुलझेगी। उन्होंने कहा कि किसी के लिए ये बड़ा मौका है कि वो पूरी तरह से नाकाम हो चुके किसी दूत-मंत्री को हटा दे। इससे मुख्य जी को अपना मंत्रिमंडल विस्तार करने और किसी एक घाटहीन को समायोजित करने का मौका भी मिल जाएगा।
वापसी की उम्मीद खो चुकी है BJP, खजाना भरने में जुटी सरकार
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उप्र की भाजपा सरकार भी जानती है कि अब वो कभी वापस नहीं आएगी। इसीलिए वो जनता की मुश्किलों और मांगों को पूरी तरह नजरअंदाज करके बस अपने खजाने भरने में लगी है। उन्होंने लिखा कि जन-जन कहे आज का, भार बन गई भाजपा।

