''जान मत लेना, जो चाहो ले जाओ''... पूर्व इंस्पेक्टर के घर दिनदहाड़े डकैती, मां-बेटे को बंधक बना 10 लाख के जेवर लूटे
punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 07:57 PM (IST)
Kanpur Robbery: शहर के श्याम नगर चौकी क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। 3 हथियारबंद लुटेरों ने दिवंगत रिटायर्ड इंस्पेक्टर जय नारायण त्रिपाठी के घर में घुसकर उनकी बहू रचना और 16 वर्षीय पोते देवांश को गनपॉइंट व चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने दोनों के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर किचन में बंद कर दिया और 10 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के जेवर व 15 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के समय शिक्षक शरद चंद्र त्रिपाठी का बेटा देवांश पढ़ाई कर रहा था और पत्नी रचना किचन में थीं। अचानक घुसे 3 बदमाशों में से 2 नकाबपोश थे, जबकि एक का चेहरा खुला था। साहसी देवांश ने एक लुटेरे का मुकाबला करने की कोशिश की, जिस पर बेखौफ बदमाश ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। बेटे पर चाकू चलता देख मां रचना बदमाशों के पैरों में गिर पड़ीं और जान बख्शने की गुहार लगाने लगीं।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब 45 मिनट तक इत्मीनान से पूरा घर खंगाला और लूटपाट की। जाते-जाते वे परिजनों के मोबाइल भी साथ ले गए। वारदात के लगभग 1 घंटे बाद जब मेड प्रियंका घर पहुंची, तो बिखरा सामान देख हैरान रह गई। किचन से आ रही दबी आवाजों को सुनकर उसने दरवाजा खोला और दोनों को बंधन मुक्त कराया। बाद में पुलिस ने डेढ़ किलोमीटर दूर एक पेड़ के नीचे से लूटे गए मोबाइल बरामद किए।
घटना की सूचना पर पहुंचे डीसीपी सत्यजीत गुप्ता, पुलिस बल और फोरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अपाचे बाइक से भागे तीनों बदमाशों की तलाश में जुटी है। हालांकि, घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा है, जिससे इलाके के लोगों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।

