लापता विमान AN-32 का मिला मलबा, बलिया के जवान सूरज के परिजनों में मची हलचल

punjabkesari.in Wednesday, Jun 12, 2019 - 02:01 PM (IST)

बलियाः वायुसेना के लापता विमान AN-32 का मलबा मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश के घने जंगलों वाले पर्वतीय क्षेत्र से मिला है। इस खबर के बाद से बलिया निवासी वायुसेना के जवान सूरज कुमार सिंह के परिजनों में हलचल का माहौल है। उन्हें उम्मीद है कि सूरज सही सलामत वापस लौटेगा। सभी सूरज के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

सूरज के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे परिजन
पिता विनोद सिंह ने बताया कि जोरहाट गए छोटे पुत्र प्रिंस सिंह व सूरज की पत्नी शालू के चाचा को अधिकारियों ने बताया कि लापता विमान का मलबा खोज लिया गया है। मलबा अरुणाचल प्रदेश में लिपो नामक स्थान पर जंगलों के बीच देखा गया है। उक्त स्थान पर हेलीकॉप्टर से कमांडो उतारने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही लापता विमान में सवार सभी जवानों को खोज लिया जाएगा।

जल्द ही खोजे जाएंगे लापता विमान में सवार जवान
इससे पहले वायुसेना ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि खोज अभियान में जुटे एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने टाटो के उत्तर पूर्व और लिपो के उत्तर में 16 किलोमीटर की दूरी पर समुद्र तल से करीब 12 हजार फुट की ऊंचाई पर विमान के मलबे का पता लगाया। यह विमान असम के जोरहाट से उड़ान भरने के बाद लापता हो गया था और इसमें 13 लोग सवार थे। विमान में सवार लोगों के जीवित होने की कम संभावनाओं की चिंता के बीच, वायुसेना ने कहा कि सभी लोगों के बारे में पता करने के प्रयास जारी हैं। बुधवार को बचाव दल यहां पहुंचेगा और विमान में सवार लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगा।

2014 में भारतीय वायुसेना में भर्ती हुए थे सूरज
बता दें कि, 3 भाइयों में सबसे बड़े जवान सूरज सिंह बलिया के बैरिया के शोभाछपरा गांव के रहने वाले हैं। सूरज दिसंबर 2014 में भारतीय वायु सेना में भर्ती हुए थे। उनकी शादी 19 फरवरी, 2019 को शालू से हुई थी। सूरज हाल ही में 15 दिनों की छुट्टी बिताकर 24 मई को जोरहाट स्थित अपनी यूनिट में वापस गए थे। शालू के भाई आदित्य राज सिंह ने बताया था कि विमान में सवार लोगों की सूची के संबंध में उन्होंने जोरहट एयरबेस से जानकारी ली तो पता चला कि सूरज का नाम एसके सिंह के रूप में 11वें नंबर पर दर्ज है।

Deepika Rajput