गाजियाबाद में पत्रकार को बदमाशों ने मारी गोली, प्रियंका ने कहा- ‘जंगलराज’ में कोई कैसे सुरक्षित महसू

punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2020 - 02:36 PM (IST)

गाजियाबाद: यूपी में बेखौफ बदमाशों सारा पत्रकार विक्रम जोशी को गोली मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले को लेकर कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि भांजी के साथ छेड़छाड़ की तहरीर पुलिस को देने पर बदमाशों ने पत्रकार को गोली मार दी। इस जंगलराज में कोई भी आमजन खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा?


प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, ‘गाजियाबाद एनसीआर में है। यहां कानून व्यवस्था का ये आलम है तो आप पूरे यूपी में कानून व्यवस्था के हाल का अंदाजा लगा लीजिए। एक पत्रकार को इसलिए गोली मार दी गई क्योंकि उन्होंने भांजी के साथ छेड़छाड़ की तहरीर पुलिस में दी। इस जंगलराज में कोई भी आमजन खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा?’


यह है पूरा मामला
गाजियाबाद के विजयनगर इलाके में कुछ अज्ञात बदमाशों ने पत्रकार विक्रम जोशी पर सोमवार शाम हमला किया था। विक्रम जोशी अपनी दो बेटियों के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोली मारी। इस मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी विक्रम जोशी ने थाना विजय नगर में एक तहरीर दी थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि कुछ लड़के उनकी भांजी के साथ छेडख़ानी करते हैं। इसका उन्होंने विरोध भी किया था, जिसका नतीजा सोमवार शाम को जब विक्रम जोशी कहीं जा रहे थे, तभी इन बदमाशों ने आकर उन पर हमला कर दिया और गोली मार दी।

पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार: एसएसपी
वारदात पर एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विजय नगर में एक पत्रकार पर हमला हुआ और उनको गोली मारी गई। इसके बाद उन्हें गाजियाबाद के यशोदा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Ajay kumar