जन्मदिन पर मायावती का बड़ा दांव, कहा-सरकार बनने पर गरीबों को लैपटाप की बजाए नकद करेंगे मदद

punjabkesari.in Sunday, Jan 15, 2017 - 05:32 PM (IST)

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती ने आज अपने 61वें जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के लोगों को उनकी पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील करते हुये कहा कि सरकार बनाने की दशा में बसपा लैपटाप और मोबाइल फोन के मुफ्त वितरण की बजाय गरीबों को आर्थिक मदद मुहैय्या कराने को अहमियत देगी। मायावती ने आज यहां कार्यकर्ताओं से कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार का गठन और उत्तराखंड एवं पंजाब में बेहतर परिणाम ही उनके जन्मदिन का सबसे बड़ा तोहफा साबित होगा। कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में उनकी सरकार बनाएं और इसके साथ उत्तराखण्ड एवं पंजाब मेें बेहतर परिणाम लाने में रात दिन एक कर दें। बसपा ‘बहुजन हिताय बहुजन सुखाय’ के अपने सिद्धांत पर चलकर सभी वर्गों के हितों का काम करेगी। सपा की तरह बसपा लैपटॉप और टेबलेट नहीं बाटेंगी बल्कि गरीबों को नगद रुपया देगी।

बिना तैयारी के लिए गया नोटबंदी का फैसला 
बसपा अध्यक्ष ने संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले को देश की 90 प्रतिशत जनता के लिए कष्टदायक बताते हुए कहा कि यह निर्णय राजनीति से प्रेरित और तानाशाही वाला जल्दबाजी में बगैर तैयारी के लिया गया था। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) एवं अन्य विरोधी दलों के बहकावे में आने वाली नहीं है। 

मोदी के लुभावने वादे जान चुकी है जनता 
उन्होंने कहा कि 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी द्वारा किए गये लोकलुभावन वादों की असलियत जनता जान चुकी है और अब उनके बहकावे में आने वाले नहीं है। मोदी ने अच्छे दिन का जो जनता से वादा किया था उसके उलट नोटबंदी के बाद जनता को अब बुरे दिन देखने पड़ रहे हैं। अच्छे दिन भाजपा और उनके नेताओं के अलावा बड़े पूंजीपतियों के आ गये जिन्होंने नोटबंदी के पहले और बाद में अपना काला धन सफेद कर लिया। इतना ही नहीं केन्द्र सरकार ने बड़े पूंजीपतियों का एक लाख 14 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया। 

50 दिन भी नहीं सुधरे हालात 
बसपा अध्यक्ष ने कहा कि नोटबंदी के 50 दिन पूरे होने के बाद भी 90 प्रतिशत लोगों के हालात आज भी नहीं सुधरे। भाजपा ने बसपा नेताओं और उनके परिवार के लोगों पर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के ऐन पहले जो अर्नगल आरोप लगाये कि बैंकों में जो रुपया जमा कराया वह कालाधन है और उसकी जांच होनी चाहिए जबकि उनकी पार्टी ने जो बैंकों में रुपया जमा कराया वह कानूनी प्रक्रिया के तहत ही जमा कराया है।  उन्होंने भाजपा पर बसपा की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश और देश की जनता से अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए दुष्प्रचार कराया जा रहा है। नोटबंदी में 150 से ज्यादा लोग मरे लेकिन सरकार ने उनके प्रति हमदर्दी तो दूर बल्कि जले पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। 

करोड़ों रुपये के घोटालेबाज ललित मोदी और विजय माल्या भागे विदेश
उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये का घोटाला करने वाले ललित मोदी और विजय माल्या विदेश भाग गये और कालेधन की तरह उन्हें भी भाजपा सरकार विदेश से लाने में नाकाम रही। मायावती ने कहा कि खुद को दूध का धुला और हरिशचन्द्र कहलाने वाले भाजपा के 300 नेता अपना और अपने परिवार के लोगों का हिसाब देश की जनता को क्यों नहीं दे रहे हैं। उनका कहना है कि देश में अन्य पार्टियों के नेताओं और उनके परिवार के लोगों का हिसाब भी प्रधानमंत्री को मांगना चाहिए। दूसरों से हिसाब मांगने से पहले खुद को हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा एक साजिश के तहत बसपा के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है जिससे उसे विधानसभा चुनाव में लाभ मिल सके। जनता विधानसभा चुनाव में भाजपा को मजा चखायेगी। भाजपा का सत्ता में आने का सपना पूरा होने वाला नहीं है। 

बीजेपी बताए कितना आया कालाधन
मायावती ने कहा कि भाजपा बताये कि नोटबंदी के बाद कितना कालाधन जमा हुआ है। कितनी जाली मुद्रा पकडी और भ्रष्टाचार करने वाले कितने लोगों को पकडा गया। आज देश की जनता दहशत में है। श्री मोदी के भाषण देने के पहले जनता सहम जाती है कि आगे क्या घोषणा कर दें जिससे उनकी परेशानी और बढ जाये। लोकतंत्र में वादाखिलाफी करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करती। केन्द्र में भाजपा की सरकार को आये ढाई साल से अधिक का समय हो गया लेकिन उसने एक भी वादा पूरा नहीं किया। केन्द्र की गलत नीतियों से सबसे अधिक गरीब और किसान परेशान है। प्रधानमंत्री की खोखली घोषणाओं से जनता गुमराह होने वाली नहीं है। 

अंबेडकर के नाम पर स्मारक बनाने के नाम पर दलितों को गुमराह कर रही भाजपा 
बसपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा की केन्द्र सरकार बाबा साहब अंबेडकर के नाम पर स्मारक आदि बनाने का दिखावा कर उनके अनुयाइयों को गुमराह कर रही है। भाजपा जनता पर आरएसएस का एजेंडा थोपना चाहती है। बसपा दलितों, अल्पसंख्यकों और आदिवासियों के साथ सभी वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए काम करती रही है। अपने पिछले चार बार के शासनकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में उनकी सरकार बनती है तो कोई भी स्मारक आदि नहीं बनाया जायेगा। 

कहने नहीं करने में विश्वास रखती है बसपा
उन्होंने कहा कि बसपा अन्य दलों की तरह घोषणा पत्र जारी नहीं करती है। वह कहने के बजाय करने पर विश्वास करती है। भाजपा की करनी और कथनी में अन्तर है इसलिए जनता का विश्वास उससे उठ गया है। जनता को भाजपा के हथकण्डों से सावधान रहने की जरुरत है। कांग्रेस ने देश और प्रदेेश में लबे समय तक शासन किया लेकिन उसकी गलत नीतियों के कारण कांग्रेस की आज जो हालत हुई है, आने वाले समय में भाजपा की इससे भी खराब हालत होगी।  

न्यूज चैंनलों पर साधा निशाना 
मायावती ने कहा कि धन्नासेठों के अखबार और न्यूज चैनल पैसे के बल पर भाजपा के पक्ष में सर्वे और ओपीनियन पोल करेंगे। जनता ऐसे सर्वेक्षण से गुमराह होने वाली नहीं है। प्रदेश की जनता विरोधियों की चाल में फंसने वाली नहीं है। जब 1997 से 2002 तक केन्द्र और उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तो प्रदेश का अपेक्षित विकास क्यों नहीं हुआ। आज भाजपा दावा करती है कि उनकी सरकार के आने पर उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाना है तो उसकी सरकार बनानी होगी। उन्होंने कहा कि,Þकाठ की हांडी एक बार ही चढती है दुबारा नहीं।Þ 

अखिलेश सरकार पर बोला हमला 
मायावती ने उत्तर प्रदेश में सत्तारुढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर कहा कि दागी चेहरे को अब जनता पहचान चुकी है। बगैर बजट के बड़े पैमाने पर शिलान्यास करने वालों के झांसे में नहीं आयेगी। उन्होंने कहा कि सपा, कांग्रेस और राष्ट्रीय लोक दल एक साथ चुनाव लडऩे की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक ताकतों को बसपा ही रोक सकती है। सपा और भाजपा के बीच सांठगांठ का आरोप लगाते हुये उन्होंने कहा कि सपा के शासन से जनता परेशान है। उसके शासनकाल में मुजफ्फरनगर, दादरी , बुलंदशहर जैसे काण्ड हुए। उनकी सरकार आने पर माफिया और गुण्डे जेल में होंगे और या प्रदेश छोड़कर भाग जायेंगे। सपा में घमासान मचा है और दोनों खेमे एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लडेगें और जीतने के बजाय हारेंगे।  

बसपा सरकार में जंगलराज का होगा सफाया 
 बसपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में बसपा की सरकार बनने पर प्रदेश से जंगलराज का सफाया हो जायेगा और बहन बेटी सुरक्षित घरों से निकल सकेंगी। किसानों को गन्ने का बकाये के साथ फसलों का लाभकारी दाम दिलाया जायेगा। सपा शासन के समय संस्थाओं के जो नाम बदले हैं उन्हें बदला जायेगा और जो उनकी योजनाएं बंद की गई उन्हें दुबारा चालू किया जायेगा। मतदाता किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है।

ब्लू बुक का हुआ लोकार्पण
बसपा अध्यक्ष इस मौके पर ‘मेरे संघर्षमयी जीवन बहुजन आन्दोलन का सफरनामा’ शीर्षक से बसपा की ‘ब्लू बुक’ के 12वें संस्करण का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि यह किताब आप लोगों को अभी पढऩे को नहीं मिलेगी। उसे चुनाव के बाद बांटा जायेगा क्योंकि अभी आचार संहिता लगी है।  

राज्यपाल ने दी जन्मदिन की बधाई 
उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को जन्मदिन की बधाई दी। इस अवसर पर अपने परिसहाय के माध्यम से गुलदस्ता भेजा। राज्यपाल ने बाद में मायावती से फोन पर बात की तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की। 

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें