सरकार किसी भी भू-माफिया को छोड़ेगी नहीं: महेंन्द्र सिंह

punjabkesari.in Wednesday, Jun 28, 2017 - 06:24 PM (IST)

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह ने आज कहा है कि सरकार भू-माफियाओं की सूची बना रही है और किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा।

महेन्द्र सिंह आज यहां अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद जिले में अरबों रुपये की सरकारी, अर्धसरकारी और गैरसरकारी भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जों की एक सूची राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा तैयार की गई है। सूची में समाजवादी पार्टी के दो विधायकों तथा अन्य कई पदाधिकारियों के नाम प्रकाश में आये हैं। इस सिलसिले में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक टीम गठित की गई है जो कि भू-माफियाओं के उन्मूलन मे कार्यरत हैं। 

महेन्द्र सिंह ने समीक्षा बैठक के बाद सरकार के सौ दिन की विशेष उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने सबसे पहले राज्य में सभी जिलों में बिजली आपूर्ति को सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वच्छ पर्यावरण तथा भयमुक्त वातावरण और सामाजिक एकरूपता आदि मुख्य कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभागों से संबंधित हेल्पलाइन जारी कर दी गई है जिस पर सीधी शिकायत अथवा सूचना देने पर त्वरित समाधान किया जा रहा है। इससे आमजन लाभान्वित हो रहा है।