महागठबंधन से नाता तोडऩे पर तिलमिलाये अजित सिंह ने मुलायम पर साधा निशाना

punjabkesari.in Monday, Nov 21, 2016 - 07:50 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रस्तावित महागठबंधन से समाजवादी पार्टी के नाता तोड़ लेने से तिलमिलाये राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) अध्यक्ष अजित सिंह ने मुलायम सिंह यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह, चौधरी चरण सिंह और डॉ0 लोहिया की नीतियों से भटक गए हैं। इस दौरान उन्होंने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और बहुजन समाज संघर्ष समिति(बीएस-4) के साथ मिलकर चुनाव लडऩे की घोषणा की। रालोद अध्यक्ष अजित सिंह, जदयू के वरिष्ठ नेता एवं सांसद शरद यादव, जदयू प्रवक्ता के सी त्यागी और बीएसफोर के बचान सिंह यादव ने यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि तीनों दलों ने विधानसभा का चुनाव मिलकर लडऩे का फैसला किया है। अजित सिंह ने कहा कि उनका गठबंधन विधानसभा की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। 

मुख्यमंत्री के चेहरा पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले ही जयंत चौधरी के नाम की घोषणा की जा चुकी है। रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने कहा कि साम्प्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए वह उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में चौधरी चरण सिंह और लोहिया के लोगों के साथ मिलकर चुनाव लडऩे के पक्ष में थे और इसके लिए प्रयास भी किया गया।

अजित सिंह ने कहा कि गत 5 नवंबर को सपा के 25 साल पूरे होने पर आयोजित समारोह में हम लोगों ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) का मुकाबला करने के लिए महागठबंधन के लिए खाका तैयार किया लेकिन सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने महागठबंधन न कर पार्टी के विलय की शर्त रख दी। उन्होंने कहा कि सपा रालोद को अपनी पार्टी में विलय करने की तो बात करती है लेकिन जब बिहार में महागठबंधन की बात आई तो वहां महागठबंधन में सपा के विलय करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष डा0 लोहिया और चरण सिंह की नीतियों से भटक गये हैं।  

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें