रेनकोट पहनकर आया कलयुगी चोर: दुर्गा मंदिर से 3 किलो चांदी का छत्र और सोने की नथ चोरी, CCTV में कैद हुई करतूत

punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 02:38 PM (IST)

Greater Noida News: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के दादरी इलाके में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे भगवान के घर को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। बिसहड़ा रोड स्थित प्रसिद्ध दुर्गा विशाल मंदिर में देर रात एक शातिर चोर ने फिल्मी अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर ने पहचान छिपाने के लिए रेनकोट पहन रखा था, लेकिन उसकी यह चालाकी मंदिर के तीसरी आंख यानी CCTV कैमरे में कैद हो गई।

पहले रेकी, फिर धावा
बताया जा रहा है कि चोर ने चोरी से पहले मंदिर की अच्छी तरह रेकी की थी। रात के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए वह मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। उसने बड़ी ही सफाई से मंदिर में सेंध लगाई और माता रानी की मूर्ति तक पहुंच गया। चोर ने माता की मूर्ति पर लगा करीब 3 किलोग्राम वजनी चांदी का छत्र और सोने की नथ पर हाथ साफ कर दिया। चोर ने शरीर पर रेनकोट डाल रखा था ताकि कोई उसे पहचान न सके, लेकिन उसकी हर हरकत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

ये भी पढ़ें:- कानून से बड़ा कोई नहीं! यूपी में UGC के बाप की बुलेट हुई जब्त, Police ने एक झटके में उतार दिया टशन का सारा भूत

सुबह पुजारी के उड़े होश
घटना का खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ जब मंदिर के पुजारी रोजाना की तरह पूजा-अर्चना करने पहुंचे। मंदिर के पट खोलते ही उन्होंने देखा कि माता का श्रृंगार गायब है और चांदी का भारी-भरकम छत्र भी अपनी जगह पर नहीं है। देखते ही देखते मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आस्था से जुड़े सामान की चोरी होने पर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

CCTV में कैद हुआ रेनकोट वाला चोर
मंदिर प्रशासन ने जब CCTV फुटेज खंगाली, तो उसमें चोर की पूरी करतूत सामने आ गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि चोर बड़े आराम से मूर्ति के पास जाता है, छत्र और जेवरात उतारकर अपने बैग में भरता है और चंपत हो जाता है।

ये भी पढ़ें:- बिरयानी कांड के बाद अब बीयर पार्टी: काशी की आस्था पर एक और प्रहार, नाविकों की इस करतूत ने पूरे बनारस को किया शर्मसार

पुलिस की कार्रवाई और पुराना इतिहास
सूचना मिलते ही दादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी के मुताबिक पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चोर की तलाश के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। CCTV फुटेज के आधार पर पहचान करने की कोशिश जारी है।

उल्लेखनीय है कि दादरी में मंदिरों को निशाना बनाने की यह पहली घटना नहीं है। करीब 2 महीने पहले भी नकाबपोश चोरों ने मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी किए थे, जिन्हें बाद में बुलंदशहर पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static