रील में देखी काली थार… हकीकत में कर डाली 20 लाख की चोरी! पड़ोसी के घर से उड़ाए पैसे, नाबालिग बच्चे निकले आरोपी
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 10:51 AM (IST)
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां चार नाबालिग लड़कों ने मिलकर एक घर से 20 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया और चोरी की रकम भी बरामद कर ली है।
कैसे हुआ चोरी का खुलासा?
जेवर के रहने वाले पार्श्व नामक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके घर की अलमारी में रखे 20 लाख रुपये गायब हो गए हैं। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। जब परिवार वापस लौटा तो अलमारी का लॉक टूटा हुआ मिला और नकदी गायब थी। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने हाल ही में जमीन बेची थी, जिसके पैसे घर में रखे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV से मिला सुराग
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस ने जेवर ऋषि रोड के पास से चार नाबालिग लड़कों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनके पास से चोरी की रकम भी बरामद हुई।
पड़ोसी ही निकले आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि चारों आरोपी पीड़ित के पड़ोस में ही रहते हैं। उनमें से एक लड़का अक्सर पीड़ित के घर आता-जाता था। उसी ने देख लिया था कि अलमारी में बड़ी रकम रखी हुई है। जब घर खाली मिला तो सभी आरोपी दीवार फांदकर अंदर घुसे, अलमारी का ताला तोड़ा और 20 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
थार गाड़ी खरीदने का था प्लान
पूछताछ में नाबालिगों ने बताया कि उन्हें काले रंग की थार (SUV) बहुत पसंद थी। वे चोरी के पैसों से थार खरीदना चाहते थे।
पुलिस का बयान
ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया गया है और रकम बरामद कर ली गई है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

