शेरवानी पहनकर तैयार था दूल्हा, तभी बिजली विभाग ने कर दिया अंधेरा, मेहमानों के सामने हुई ऐसी बेइज्जती कि रो पड़ा परिवार

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 11:30 AM (IST)

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से बिजली विभाग की एक ऐसी संवेदनहीनता सामने आई है, जिसने एक परिवार की खुशियों को मातम और अपमान में बदल दिया। नूरपुर की डायमंड सिटी कॉलोनी में जब एक घर से बारात निकलने वाली थी, ठीक उसी वक्त बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बिना किसी नोटिस के घर का कनेक्शन काट दिया।

क्या है पूरा मामला?
शुभम चौहान नाम के युवक की शादी थी और घर में जश्न का माहौल था। महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं और दूर-दराज से आए मेहमानों से घर भरा हुआ था। दूल्हा शुभम शेरवानी पहनकर पूरी तरह तैयार था और बारात नजीबाबाद के लिए रवाना होने ही वाली थी। तभी अचानक बिजली गुल हो गई। पहले लगा कि कोई तकनीकी खराबी है, लेकिन जब बाहर जाकर देखा गया तो नजारा हैरान करने वाला था।

बिना बताए खंभे पर चढ़ा लाइनमैन
पीड़ित परिवार का आरोप है कि नूरपुर बिजली विभाग का एक लाइनमैन अचानक आया और बिना किसी पूर्व सूचना या चेतावनी के खंभे पर चढ़कर घर की बिजली काट दी। घर में अंधेरा छाते ही अफरा-तफरी मच गई। मेहमानों के सामने परिवार को बेहद शर्मिंदगी झेलनी पड़ी। अंधेरा होने की वजह से शादी की रस्में और विदाई की तैयारियां पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गईं।

बिल जमा था, फिर क्यों मिली ये सजा?
दूल्हे शुभम का कहना है कि उन्होंने मात्र दो महीने पहले ही नया कनेक्शन लिया था और उनका सारा बिल जमा था। पीड़ित परिवार का सवाल है कि जब कोई बकाया नहीं था, तो विभाग ने इतनी बड़ी कार्रवाई किसके इशारे पर और क्यों की? स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की इस हरकत को अमानवीय और गैर-जिम्मेदाराना करार दिया है।

दोषियों पर कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद पूरी कॉलोनी में बिजली विभाग के खिलाफ भारी गुस्सा है। शुभम और उसके परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी और परिवार की खुशियों में इस तरह अंधेरा न फैलाया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static