उत्तराखंड के राज्यपाल बने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, HC के चीफ जस्टिस ने दिलाई शपथ

punjabkesari.in Wednesday, Sep 15, 2021 - 11:02 AM (IST)

 

देहरादूनः लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने आज उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ली। राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति आरएस चौहान ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। वहीं गुरमीत सिंह को बेबी रानी मौर्य की जगह राज्य का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

भारतीय सेना में उपप्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हुए सिंह को सेवा के दौरान कई अलंकरणों से नवाजा जा चुका है। नए राज्यपाल के शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव एस एस संधु, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। 

बता दें कि बेबी रानी मौर्य ने अपना कार्यकाल पूरा होने के दो साल पहले ही इस सप्ताह पद से इस्तीफा दे दिया था। नवनियुक्त राज्यपाल सिंह मंगलवार को यहां पहुंच गए, जिनका प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, गणेश जोशी एवं स्वामी यतीश्वरानंद ने स्वागत किया। इस मौके पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

Content Writer

Nitika