रूह कांप जाएगी ये हैवानियत जानकर: मामूली विवाद में पत्नी की नाक चबा गया पति, खून से लथपथ महिला की हालत नाजुक

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 01:42 PM (IST)

Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पति ने आपसी विवाद के दौरान क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। गुस्से में पागल पति ने ना केवल अपनी पत्नी को डंडों से बेरहमी से पीटा, बल्कि उसके चेहरे पर हमला कर दांतों से उसकी नाक और गाल चबा डाले।

विवाद के बाद खौफनाक वारदात
बताया जा रहा है कि यह घटना राठ क्षेत्र के टोला गांव की है। जानकारी के मुताबिक, चिकासी क्षेत्र के बिरहट गांव के निवासी अली मुहम्मद ने अपनी बेटी का निकाह फूल खान नाम के युवक से किया था। परिजनों का आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद तक सब ठीक रहा, लेकिन फिर ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बीते दिनों घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिससे फूल खान इस कदर भड़क गया कि उसने अपनी पत्नी को सबक सिखाने के बहाने उस पर हमला कर दिया।

नाक का अगला हिस्सा गायब, हालत नाजुक
चश्मदीदों और परिजनों के अनुसार, फूल खान ने पहले अपनी पत्नी को डंडे से लहूलुहान किया और फिर हैवानियत दिखाते हुए उसके चेहरे पर दांत गड़ा दिए। उसने महिला की नाक का अगला हिस्सा चबाकर अलग कर दिया। गंभीर हालत में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) राठ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करते हुए घावों पर 8 से ज्यादा टांके लगाए। हालांकि, नाक का अगला हिस्सा पूरी तरह गायब होने और अत्यधिक खून बहने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

पुलिस की कार्रवाई और कानूनी प्रक्रिया
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता का भाई अमरुद्दीन मौके पर पहुंचा। अपनी बहन की ऐसी हालत देख वह फूट-फूट कर रो पड़ा। पुलिस ने भाई की शिकायत (तहरीर) के आधार पर मुख्य आरोपी पति फूल खान, ससुर हबीब इन दोनों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इलाके में इस बर्बरता को लेकर काफी रोष और चर्चा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static