पिता की खौफनाक साजिश: पहले बच्चों को मारा, फिर पत्नी को फंसाया... अब पहुंचा सलाखों के पीछे
punjabkesari.in Tuesday, Jun 17, 2025 - 12:34 PM (IST)

Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पिता ने अपने ही 2 छोटे बच्चों की जान ले ली और फिर अपनी पत्नी पर आरोप लगा दिया। इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है।
बच्चों की हत्या का आरोप पत्नी पर, लेकिन खुला राज तो....
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, उन्नाव के पुरवा थाना क्षेत्र के रम्माखेड़ा गांव में रहने वाले रोहित रैदास नाम के व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसके 2 बच्चे हैं—सोनाक्षी (3 वर्ष) और ऋतिक (6 महीने)। बीते दिन उसने पुलिस को रोते हुए बताया कि उसकी पत्नी नेहा ने उसके दोनों बच्चों को जहर खिलाकर मौत के घाट उतार दिया है। बच्चों की मौत के बाद आरोपी पति ने पत्नी पर हत्या का आरोप लगा दिया। पुलिस ने तुरंत ही मामले की जांच शुरू कर दी। जब पुलिस ने बेटियों के शवों का पोस्टमार्टम किया और सबूत जुटाए, तो हकीकत का पता चल गया। पूछताछ में आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने ही अपने बच्चों को जहर दिया था।
प्रेम विवाह से शुरू हुई कहानी, झगड़ों तक पहुंची
पुलिस की जांच में पता चला कि रोहित रैदास ने 2021 में नेहा से प्रेम विवाह किया था। लेकिन वह शराब का आदी था, जिसकी वजह से परिवार में अक्सर विवाद होते रहते थे। 2023 में नेहा ने उसके खिलाफ शिकायत कर फर्रुखाबाद चली गई थी। उसके बाद दोनों का रिश्ता थोड़ा ठीक हुआ और 16 जनवरी 2024 को नेहा फिर से घर लौट आई। रोहित का जीवन भी आसान नहीं था। वह अंडे का ठेला लगाता था, लेकिन उसकी कमाई शराब में खर्च हो जाती थी। इस कारण अक्सर घर में झगड़े होते थे। 12 जून को भी वह शराब पीकर घर पहुंचा और पत्नी से मारपीट करने लगा। नेहा ने जवाब में चप्पल से उसे पीटा और बच्चे लेकर मायके चली गई।
झगड़े के बाद बच्चों को लेकर मायके चली गई नेहा
लेकिन आरोपी पति ने अपने ही बच्चों को मारने का प्लान बना लिया। उसने अपने बच्चों को फंसाने के लिए जहर देना तय किया। उसने बीज भंडार से कीटनाशक दवा खरीदी और उसे कोल्डड्रिंक में मिलाया। फिर दोनों बच्चों को वह पीने के लिए दिया। खुद भी पी ली। बच्चों की मौत हो गई और वह बच गया। यह सब उसने पत्नी को फंसाने के लिए किया था। उसने एक नोट भी लिखा था जिसमें कहा था कि मेरा काम हो गया। ताकि पत्नी पर हत्या का आरोप लगे।
पत्नी को फंसाने के लिए रचा बच्चों की हत्या का प्लान
मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने गहन जांच की। पुलिस को कॉल डिटेल्स से पता चला कि आरोपी ने ही बच्चों को जहर दिया था। मौके से मिले सबूत भी इस बात की पुष्टि कर रहे हैं। अंत में, आरोपी पति ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। इस घटना ने पूरे गांव और जिले में सनसनी फैला दी है। अब आरोपी जेल में है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।