लच्छेदार भाषण देकर जनता को गुमराह कर रहे हैं मोदी: मायावती

punjabkesari.in Wednesday, Mar 01, 2017 - 06:10 PM (IST)

सोनभद्र: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने आज कहा कि राज्य विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान नये नये वायदे करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उत्तर प्रदेश की जनता को बताना चाहिये कि उन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान किये गये कितने वायदों को पूरा किया।  

राबर्टसगंज के मंडी परिषद मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा, ‘प्रधानमंत्री लच्छेदार भाषण देकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। देश में घी-दूध की नदियां बहाने का दावा कर रहे हैं। जब भाजपा की प्रदेश में सरकार थी तो क्यों नहीं दूध-घी की नदियां बहीं। मोदी जी ने पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान जनता से बड़े-बड़े वायदे किये थे, जरा बतायें, कितने वायदे पूरे किये। जनता से झूठे वायदे न करें, वह सब जानती है।’

उन्होंने कहा कि केन्द्र के नोटबंदी के फैसले से गरीबों का काफी नुकसान हुआ है। छोटे उद्योगधंधे प्रभावित हुए हैं। केन्द्र में भाजपा सरकार बने तीन साल होने वाले हैं मगर विदेश से कालाधन अब तक नही ला सके हैं। लोग बाग इसीलिये भारतीय जनता पार्टी को अब भारतीय ‘जुमला पार्टी’ कहने लगे हैं। 

मायावती ने कहा कि जो देश नहीं संभाल पा रहा है, वह प्रदेश क्या संभालेंगे। भाजपा साम, दाम, दण्ड और भेद सभी फार्मूले अपना कर चुनाव में जीत हासिल करने की कोशिश कर रही है। लेकिन इसका यह सपना कभी पूरा नहीं होगा। भाजपा गरीब, शोषित, दलित और पीडितों की हितैषी नहीं है। यह आरक्षण खत्म करना चाहती है। भाजपा से ब्याज समेत बदला लेने का समय आ गया है। जनता उसे उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मजा चखा देगी। गैस सिलेण्डर के दाम समय-समय पर बढ़ाना अनुचित फैसला है। भाजपा अन्दर ही अन्दर अपनी हार स्वीकार कर चुकी है। 

प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी(सपा) पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अपराध और अवैध खनन को बढ़ावा देने वाली सरकार के दिन अब खत्म हो गये। सपा सरकार अपने कार्यकाल में चारों तरफ से विफल रही है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। चुनाव के बाद सपा आक्सीजन पर चली जायेगी। कांग्रेस पूर्वांचल के लोगों को गंदगी बताती है।