UP में अगले 6 दिन आफत की बारिश: IMD के ऑरेंज अलर्ट से मचा हड़कंप, इन जिलों पर मंडराया सबसे बड़ा खतरा

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 08:01 AM (IST)

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में अगले 6 दिनों के दौरान मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ ने 18 से 23 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा तथा 19 से 22 जुलाई के दौरान कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तरी ओडिशा की ओर बढ़ते हुए उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मानसूनी ट्रफ दक्षिण की ओर खिसक रही है, जिससे उत्तर प्रदेश में मानसून की गतिविधियां तेज होंगी और वर्षा की तीव्रता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

'उमस वाली गर्मी से मिलेगी राहत, 4 से 6 डिग्री गिरेगा पारा'
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। विभाग के अनुसार 18 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश होगी। 19 से 21 जुलाई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी स्थानों तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है।

'19 और 20 जुलाई को इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट'
19 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर और बलरामपुर में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, बाराबंकी, सुल्तानपुर और आजमगढ़ सहित अनेक जिलों में भारी वर्षा हो सकती है जबकि 20 जुलाई को श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं में बहुत भारी वर्षा का खतरा बना रहेगा। इसके अलावा प्रयागराज, वाराणसी, चित्रकूट, बांदा, गोंडा, बलरामपुर, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, अमरोहा, संभल तथा अन्य कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना है।

'21 जुलाई को भी जारी रहेगा तबाही का दौर'
21 जुलाई को भी पश्चिमी और तराई क्षेत्र के जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहने का अनुमान है। सोनभद्र, बहराइच, लखीमपुर पवर खीरी, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में अत्यधिक वर्षा हो सकती है, जबकि लखनऊ, कानपुर, अमरोहा, संभल, बदायूं, इटावा, फिरोजाबाद, आगरा, झांसी और बुंदेलखंड के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

'यातायात ठप और जलभराव का खतरा'
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदियों और नालों के जलस्तर में वृद्धि, सड़क और रेल यातायात में व्यवधान, कमजोर भवनों को नुकसान तथा बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। कई स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों एवं पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी गई है।

'किसानों के लिए जरूरी गाइडलाइन'
किसानों के लिए जारी कृषि परामर्श में कहा गया है कि गन्ना, धान, मक्का, अरहर, मूंग, उड़द, तिल, मूंगफली तथा सब्जी उत्पादक खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करें। लगातार वर्षा के दौरान नाइट्रोजन उर्वरकों का प्रयोग टालने, फसलों में रोग एवं कीटों की निगरानी बढ़ाने तथा बागवानी फसलों को सहारा देने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार 17 जुलाई तक प्रदेश में सामान्य से 29 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 42 प्रतिशत तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पांच प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। हालांकि आगामी दिनों में सक्रिय मानसून के कारण इस कमी में उल्लेखनीय सुधार होने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static