हापुड़ में हैवानियत की हद! जलती चिता की आग से सुलगाया हुक्का, Video Viral होने पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 02:08 PM (IST)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने न केवल कानून की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक मर्यादाओं को भी तार-तार कर दिया। जहां एक श्मशान घाट में जलती चिता की आग से हुक्का सुलझाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

शोक के माहौल में घिनौनी हरकत
घटना शुक्रवार की है, जब हाफिजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 75 वर्षीय बुजुर्ग मुन्नी देवी का निधन हो गया था। परिजन और ग्रामीण भारी मन से उन्हें अंतिम विदाई देने श्मशान घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद जब ग्रामीण वहां से वापस लौट गए और चिता जल रही थी, तभी गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे।

चिता की आग और हुक्के का धुंआ
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक जलती चिता के पास बैठा है। वह चिता की पवित्र आग से हुक्का सुलगा रहा है, जबकि उसके दोस्त इस पूरे कृत्य का वीडियो बना रहे हैं। जिस स्थान पर लोग अपनों को खोने का गम मनाते हैं, वहां इन युवकों ने अपनी रील और मौज-मस्ती के लिए मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं।

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, पूरे जिले में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसे मृतक का घोर अपमान और हिंदू संस्कारों के खिलाफ बताया। लोगों का कहना है कि श्मशान जैसी जगह पर इस तरह की ओछी हरकत बर्दाश्त के बाहर है। इंटरनेट पर भी लोगों ने आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की।

पुलिस का एक्शन: एक आरोपी सलाखों के पीछे
मामला तूल पकड़ते ही हापुड़ पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वीडियो बनाने वाले अन्य साथियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने साफ किया है कि धार्मिक भावनाओं और सामाजिक शांति को भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static