विचारधारा थोपने से देश में गृह युद्ध जैसी स्थिति: आजाद

punjabkesari.in Wednesday, Sep 13, 2017 - 08:43 PM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस नेताओं ने आज भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) पर देश में एक विचारधारा थोपने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे गृह युद्ध जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी है। 

इंदिरा गांधी प्रतिष्टान में आयोजित इंदिरा गांधी जन्म शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर और पार्टी महासचिव एवं उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने पार्टी कार्यकर्ताओं को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जीवन और उनकी उपलब्धि के बारे में याद दिलाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश पर अपनी विचारधारा थोप रही है इससे देश में गृह युद्ध जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी है। 

देश के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके बलिदान को याद करते हुए आजाद ने कहा कि देश ‘युद्ध’ जैसी स्थिति का सामना कर रहा है। यह लड़ाई चीन या पाकिस्तान से नहीं है बल्कि विचारधारा की लड़ाई है जो जबरन लोगों पर थोपी जा रही है। आजाद ने कहा कि दो प्रकार के विचारों के बीच युद्ध प्रक्रिया देश में चल रही है। सामाजिक ढांचे को बचाने के लिए देश में विचारों की लड़ाई चल रही है। कुछ लोग समाज में विभाजन की राजनीति कर रहे हैं। देश की कीमत पर पार्टी का प्रचार कर रहे हैं।