प्रेमिका संग रंगरलियां मना रहा था पति, GPS लगाकर पीछे पहुंची पत्नी... फिर होटल से लेकर कोर्ट तक दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, Video Viral
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 10:04 AM (IST)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और फिल्मी अंदाज का मामला सामने आया है। जहां एक पत्नी ने अपने पति की बेवफाई को पकड़ने के लिए ऐसा जाल बिछाया कि देखने वाले भी दंग रह गए। महिला को अपने पति पर शक था, तो उसने जासूसी करने के लिए पति की गाड़ी में गुपचुप तरीके से जीपीएस ट्रैकर लगा दिया। इसके बाद लोकेशन का पीछा करते हुए वह अपने मायके वालों और देवर के साथ हापुड़ के एक होटल में जा धमकी और पति को उसकी कथित प्रेमिका के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया। फिर क्या था, गुस्से से लाल पत्नी ने होटल के अंदर, सड़क पर और यहां तक कि कोर्ट परिसर में भी पति की जमकर पिटाई कर दी।
शक हुआ तो देवर संग मिलकर गाड़ी में फिट किया GPS
मिली जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला हापुड़ के नगर कोतवाली इलाके के मोदीनगर रोड पर स्थित बांके बिहारी होटल का है। दरअसल, बागपत की रहने वाली इस महिला को पिछले कुछ समय से अपने पति की हरकतों पर शक हो रहा था। उसे अंदेशा था कि पति का किसी दूसरी महिला के साथ चक्कर चल रहा है। महिला ने यह बात अपने देवर और परिवार के अन्य लोगों से साझा की। पति को बिना भनक लगे उस पर नजर रखने के लिए उन्होंने उसकी गाड़ी में जीपीएस सिस्टम लगा दिया। रविवार को जब पति घर पर किसी काम का बहाना बनाकर निकला, तो पत्नी और उसके घरवालों ने तुरंत मोबाइल पर उसकी लोकेशन ट्रैक करना शुरू कर दिया। जीपीएस लोकेशन का पीछा करते हुए सभी हापुड़ के बांके बिहारी होटल पहुंच गए। वहां अंदर जाते ही उनके होश उड़ गए, पति सचमुच अपनी कथित प्रेमिका के साथ वहां मौजूद था।
होटल से सड़क और फिर सीधे कोर्ट...
होटल के कमरे में पति को दूसरी महिला के साथ देखते ही पत्नी का गुस्सा 7वें आसमान पर पहुंच गया। उसने तुरंत हंगामा शुरू कर दिया और वहीं पति पर थप्पड़ों और लात-घूंसों की बरसात कर दी। यह हाईवोल्टेज ड्रामा सिर्फ होटल के अंदर ही नहीं रुका, बल्कि वहां से निकलकर बीच सड़क और बस स्टैंड तक पहुंच गया। तमाशा देखने के लिए राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों को पकड़कर थाने ले आई और शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई, इसके बाद जब पति को जमानत के लिए एसडीएम कोर्ट ले जाया गया, तो वहां से छूटते ही पत्नी ने कोर्ट परिसर में ही दोबारा उसकी जमकर धुनाई कर दी।
सरकारी अस्पताल की नर्स बताई जा रही है कथित प्रेमिका
पीड़ित पत्नी ने पुलिस को जो लिखित शिकायत दी है, उसमें दावा किया गया है कि उसके पति के साथ पकड़ी गई महिला बुलंदशहर के एक सरकारी अस्पताल में नर्स के पद पर तैनात है। स्थानीय लोगों के बीच भी इसी बात की चर्चा है, हालांकि पुलिस अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि करने में जुटी है। हापुड़ पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के आपसी विवाद का मामला है, फिलहाल शांतिभंग के तहत एक्शन लिया गया है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी जांच की जा रही है। इस पूरे ड्रामे और मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

