मैं पूछता हूं..जब राष्ट्र पहले से ही आपका असली रूप जानता है, तो अधिक ''नग्न होने'' की क्या जरूरत थी?, PM Modi ने कांग्रेस पर कसा तंज

punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 03:38 PM (IST)

PM Modi Visit Meerut: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मेरठ में लगभग 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कहा कि भाजपा की कार्य-संस्कृति यह सुनिश्चित करती है कि परियोजनाओं की नींव रखे जाने के बाद वे समय पर पूरी हो जाएं। मोदी ने मेरठ में शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद यहां आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह कार्यक्रम भाजपा की ''डबल इंजन'' सरकार की कार्य-संस्कृति को भी दर्शाता है। उन्‍होंने कहा, ''हमारी कार्य-संस्‍कृति क्‍या है, हमारी कार्य-संस्‍कृति है कि जिस कार्य का शिलान्‍यास किया जाए, उसे पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया जाए।'' इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा।

PunjabKesari 
'मुझे संतोष है कि यह काम उप्र में हुआ है...'
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत बाबा औघड़नाथ को स्‍मरण करते हुए की। उन्होंने कहा, ''इस पावन धरती पर, मेरठ की क्रांति धरा पर, आज 'विकसित उप्र, विकसित भारत' के लिए नयी क्रांति को ऊर्जा मिल रही है।'' मोदी ने कहा, ''आज पहली बार एक ही मंच से नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का एक ही दिन शुभारंभ हो रहा है। विकसित भारत की कनेक्टिविटी कैसी होगी, यह उसकी शानदार झांकी है।'' उन्होंने कहा, ''शहर के लिए मेट्रो और क्‍लीन सिटी के विजन को गति देने के लिए नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेन, मुझे संतोष है कि यह काम उप्र में हुआ है।''

PunjabKesari 
कांग्रेस पर कसा तंज 
पीएम ने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार और यात्रा के सुरक्षित होने से अब इस क्षेत्र का कायापलट हो गया है। मोदी ने अधिकतर कार्यों में बेटियों की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान देश भर में केवल पांच शहरों में मेट्रो चालू थी, जबकि भाजपा सरकार में मेट्रो सेवाओं का विस्तार 25 से अधिक शहरों तक हो गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय था जब कांग्रेस सरकार चाहकर भी विकसित देशों के साथ समझौते को अंतिम रूप नहीं दे पाती थी।

PunjabKesari 
'कांग्रेस ने एआई समिट को गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बनाया'
पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI Impact Summit हुआ। दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए। दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ। लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतार कर पहुंच गए। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static