‘इललीगल पॉलीटिकल फंडिंग’ बंद होने की वजह से नोटबंदी और जीएसटी पर तिलमिलायी कांग्रेस: नकवी

punjabkesari.in Friday, Nov 10, 2017 - 05:29 PM (IST)

लखनऊ: केन्द्रीय अल्पसंख्यक कल्याण और संसदीय कार्य राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से ‘इललीगल पॉलीटिकल फंडिंग’ बंद होने की वजह से कांग्रेस तिलमिला गयी है। 

नकवी ने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती कि देश से भ्रष्टाचार समाप्त हो, इसीलिए वह नोटबंदी और जीएसटी का लगातार विरोध कर रही है। उनका कहना था कि वह भी जानते हैं कि नोटबंदी और जीएसटी की वजह से लोगों को थोड़ी परेशानी हुई। इसके बावजूद जनता ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए उठाये गये इन दोनों कदमों का समर्थन किया।  

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता की नब्ज समझनी चाहिए। करीब 60 वर्षों तक शासन करने वाली कांग्रेस भ्रष्टाचार को नियंत्रित करने वाले कदमों का विरोध कर रही है। उनका कहना था कि आर्थिक भ्रष्टाचार पर नोटबंदी और जीएसटी सबसे बड़ी चोट है और इसके सकारात्मक परिणाम जरुर दिखेंगे। इसके नतीजों को लेकर जल्दबाजी नहीं की जानी चाहिए। इसके सकारात्मक परिणाम आने में थोड़ा समय लगेगा लेकिन इतना तय है कि इससे भ्रष्टाचारियों पर लगाम लगेगी।