''लिखित में दो, वरना नहीं जाने देंगे''... बलिया में कटान पीड़ितों के गुस्से का शिकार हुए मंत्री दयाशंकर सिंह, जानें Viral Video का सच

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 06:35 AM (IST)

Ballia News: उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह का कटान पीड़ित ग्रामीणों द्वारा घेराव किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बीते सोमवार को तेजी से प्रसारित हो रहा है। इस बीच, सिंह ने कहा कि रविवार शाम वह ग्रामीणों के धरना स्थल पहुंचे और ठोस कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। उन्होंने कहा कि लौटते समय एक विशेष जाति के कुछ लोगों ने राजनीतिक रंजिश के चलते विरोध का प्रयास किया।

इसके पहले सिंह ने फेसबुक पर लिखा कि बलिया नगर विधानसभा के शिवपुर दियर नंबरी में कटान की समस्या और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क पुनर्निर्माण की मांग को लेकर अनशन पर बैठे लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद अनशन तुड़वाया। मंत्री ने कहा कि कटान की स्थाई समस्या के समाधान और क्षतिग्रस्त सड़क के शीघ्र पुनर्निर्माण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे क्योंकि जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए वह सदैव प्रतिबद्ध हैं।

ये भी पढ़ें:- 'माफिया राज खत्म, अब पहचान का संकट नहीं'... अखिलेश के गढ़ में 604 करोड़ की सौगात देकर बोले CM Yogi, गिनाए 2017 के बाद के बदलाव

कार्यक्रम के बाद मंत्री के काफिले को रोककर ग्रामीणों और महिलाओं द्वारा विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी का वीडियो सोमवार को सामने आया। वीडियो में लोग लिखित आश्वासन की मांग करते दिख रहे हैं। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने मोर्चा संभालकर काफिले को वहां से निकाला। दरअसल बलिया सदर तहसील के दक्षिणी छोर पर गंगा नदी के पार शिवपुर दियर नंबरी बयासी गांव लंबे समय से कटान झेल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गंगा की धारा लगातार गांव की जमीन काट रही है, जिससे करीब 40 हजार की आबादी वाले इस इलाके के अस्तित्व पर संकट है।

मंत्री सिंह ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि ग्रामीण पंचदेव मंदिर और मठिया के पास पिछले 6 दिनों से धरना दे रहे थे जिसके सिलसिले में वह बीते रविवार शाम धरना स्थल पहुंचे और ठोस कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। उन्होंने कहा कि लौटते समय एक विशेष जाति के कुछ लोगों ने राजनीतिक रंजिश के चलते विरोध का प्रयास किया। बलिया शहर कोतवाली के प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static