बरेली में प्रेमी ने प्रेमिका को चलती ट्रेन से नीचे फेंका; पटरी पर शरीर के हुए 2 टुकड़े, रूह कंपा देगी वारदात!
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 02:06 PM (IST)
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज पानी के मामूली झगड़े ने एक महिला की जान ले ली। कासगंज-रामनगर पैसेंजर ट्रेन में सफर के दौरान एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। ट्रेन की चपेट में आने से महिला के शरीर के दो टुकड़े हो गए और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
क्या था पूरा विवाद?
मृतका की पहचान भोपाल (मध्य प्रदेश) निवासी रुखसाना के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से मैनपुरी के रहने वाले अपने प्रेमी के साथ बरेली के सुभाषनगर में किराये के मकान में रह रही थी। गुरुवार शाम करीब 5:40 बजे दोनों बदायूं से काम निपटाकर 55307 कासगंज-रामनगर पैसेंजर से बरेली लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, ट्रेन में दोनों के बीच पीने के पानी को लेकर कहासुनी शुरू हुई। बहस इतनी बढ़ गई कि रुखसाना ने गुस्से में ट्रेन से कूदने की धमकी दे दी। इसी बात पर तैश में आकर प्रेमी ने उसे धक्का दे दिया। बरेली सिटी स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले हुए इस हादसे में रुखसाना सीधे पटरी पर गिरी और ट्रेन के नीचे आ गई।
आरोपी ने कबूला अपना जुर्म
घटना के बाद जीआरपी (GRP) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। जीआरपी बरेली सिटी के इंस्पेक्टर अमित शर्मा ने बताया कि आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपी का कहना है कि हमारे बीच पानी को लेकर झगड़ा हुआ था। वो बार-बार कूदने की धमकी दे रही थी, तो गुस्से में आकर मैंने ही उसे धक्का दे दिया।
परिवार को दी गई सूचना
रुखसाना का अपने पति इरफान से काफी समय पहले अलगाव हो चुका था और उसके दो बच्चे अपने ननिहाल में रहते हैं। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और भोपाल में उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

