पिता बहू को मायके छोड़ने गए, पीछे घर में बेटे ने कर दिया कांड... 10 महीने की शादी और वो एक कमजोरी जो बन गई मौ/त
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 07:25 AM (IST)
Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक 28 वर्षीय नवविवाहित युवक ने अपनी शारीरिक बीमारी और उससे उपजे मानसिक तनाव के कारण मौत को गले लगा लिया। युवक की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
सोशल मीडिया पर रील बनाने वाला जोड़ा अब टूटा
घटना श्रीनगर थाना क्षेत्र के भंडरा गांव की है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय अजय अहिरवार के रूप में हुई है। अजय की शादी महज 10 महीने पहले मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली सुनीता से हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में दोनों बेहद खुश थे। पति-पत्नी अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी रील बनाकर साझा करते थे, लेकिन इस हंसते-खेलते परिवार को अचानक किसी की नजर लग गई।
बीमारी बनी मौत का कारण
मृतक के पिता राजकुमार के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही अजय नपुंसकता (शारीरिक कमजोरी) का शिकार हो गया था। यह समस्या अजय के लिए न केवल शारीरिक कष्ट थी, बल्कि वह इसे लेकर गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था। उसे लगने लगा था कि वह अपनी वैवाहिक जिम्मेदारी निभाने में असमर्थ है, जिससे वह अंदर ही अंदर टूट चुका था।
वैद्य से चल रहा था इलाज
अजय हरियाणा में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बीमारी का पता चलने पर परिवार ने उसका इलाज एक स्थानीय वैद्य से शुरू करवाया था। पिता का कहना है कि उसे इलाज से थोड़ा सुधार भी महसूस हो रहा था, लेकिन हताशा और सामाजिक लोक-लाज के डर ने उसके दिमाग पर घर कर लिया था।
सूने घर में उठाया खौफनाक कदम
हादसे के वक्त अजय घर पर अकेला था। उसके पिता अपनी बहू (अजय की पत्नी) को उसके मायके छोड़ने गए हुए थे। जब पिता घर वापस लौटे, तो अंदर का नजारा देख उनकी चीख निकल गई। कमरे के भीतर अजय का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था।
पुलिस जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। महज 10 महीने में उजड़े सुहाग को देख पत्नी सुनीता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

