''एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज'' मॉडल पर जोर, गोरखपुर में CM Yogi ने गिनाईं स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 11:59 AM (IST)

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया और कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर राज्य सरकार के विशेष ध्यान से राज्य के प्रति लोगों की धारणा में व्यापक बदलाव आया है।

पूर्व और वर्तमान सरकार की कार्यशैली की तुलना
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों और वर्तमान सरकार की कार्यशैली की तुलना करते हुए कहा कि जहां पहले ''एक जिला, एक माफिया'' की संस्कृति को बढ़ावा दिया गया, वहीं मौजूदा सरकार ने ''एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज'', ''एक जिला, एक उत्पाद'' और ''एक जिला, एक व्यंजन'' जैसी पहल शुरू की है। उन्होंने कहा, ''हर जिले को बेहतर स्वास्थ्य अवसंरचना से लैस किया जा रहा है। राज्यभर में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे चिकित्सा शिक्षा और उपचार, दोनों व्यवस्थाएं मजबूत हो रही हैं।''

आयुष्मान भारत और स्वास्थ्य सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना के प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्रीय योजना के दायरे से बाहर रह गए वर्गों के लिए भी स्वास्थ्य सुरक्षा का दायरा बढ़ाया है। साथ ही, मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के इलाज के लिए प्रतिवर्ष 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाते हैं।

स्वास्थ्य सुविधाओं में हुए बदलाव का जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले सरकारी अस्पतालों में आईसीयू बिस्तर, डायलिसिस इकाइयों और आधुनिक ब्लड बैंक जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था।
उन्होंने कहा कि आज गोरखपुर में सरकारी और निजी, दोनों क्षेत्रों के अस्पताल आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं और दो दर्जन से अधिक अस्पताल आईसीयू सुविधाओं से सुसज्जित हैं।

मार्कण्डेय चंद को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री मार्कण्डेय चंद को गोरक्षपीठ का समर्पित अनुयायी बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अस्पताल परिसर में उनकी प्रतिमा का अनावरण भी किया और कहा कि उनके परिवार द्वारा स्थापित यह संस्थान जनसेवा की उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static