ताज के दीदार के लिए आगरा पहुंचे इजरायली PM नेतन्याहू, 2 घंटे नहीं मिलेगी पर्यटकों को एंट्री

punjabkesari.in Tuesday, Jan 16, 2018 - 11:29 AM (IST)

आगरा: दुनिया के 7 अजूबों में शामिल ताजमहल के दीदार के लिए इजरायल के प्रधानमंत्री बेन्जामिन नेतन्याहू पत्नी सारा के साथ मंगलवार करीब पौने 11 बजे आगरा पहुंच गए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। हवाई अड्डे से वह सीधे होटल पहुंचे। जहां से वह ताजमहल जाएंगे। इजरायल के प्रधानमंत्री के ताजमहल के दीदार के समय सामान्य पर्यटकों की ताजमहल परिसर में आवाजाही पर रोक लगाई गई है। इस अवसर पर सुरक्षा के व्यापक बन्दोबस्त किए गए हैं। ताजमहल का दीदार करने के बाद वह दिल्ली लौट जाएंगे।

जानकारी के अनुसार इजरायल के प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुबह 10.20 से दोपहर 12.30 बजे तक ताजमहल आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। इसके लिए एक घंटे पहले यानी 9.20 बजे टिकट मिलना बंद हो जाएगा। उनके जाने के बाद दोपहर 12.30 बजे ताजमहल आम पर्यटकों के लिए खुलेगा। ताजमहल का दीदार करने आ रहे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू लगभग 4 घंटे शहर में रुकेंगे। एक घंटा ताजमहल में भ्रमण के साथ ही होटल अमर विलास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ लंच करेंगे।

नेतन्याहू के ताजमहल दौरे के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रविवार शाम को एसएसपी अमित पाठक ने ताजगंज का निरीक्षण किया। शिल्पग्राम से लेकर दशहरा घाट, पूर्वी गेट, दक्षिणी गेट की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ताजगंज में ताज से सटी इमारतों की छतों पर फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से ताजमहल तक जिस रूट से जाएंगे, उस पूरे रूट की चेकिंग चल रही है। सुरक्षा के लिए 27 थानों के पुलिसर्किमयों को तैनात किया गया है।