Mayawati का तीखा प्रहार: 'धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा पहले लेते तो बेहतर होता, दोषी पुलिसवालों पर दर्ज हो केस'
punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 06:41 AM (IST)
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बीते शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे को उचित ठहराते हुए कहा कि अगर यह पहले ही ले लिया जाता तो बेहतर होता। बसपा प्रमुख मायावती ने शनिवार को 'एक्स' पर पोस्ट किया कि देश के छात्रों एवं युवाओं के आंदोलन के चलते आज केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान द्वारा इस्तीफा दिए जाने का फैसला उचित है। यह पहले ही ले लिया जाता तो बेहतर होता। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी केन्द्र सरकार से यह भी अपेक्षा करती है कि जिन पुलिसकर्मियों ने जन्तर-मन्तर पर शान्तिमय ढंग से प्रदर्शन कर रहे निहत्थे लड़के-लड़कियों पर बर्बरता की है उन पर भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
-देश के छात्रों व युवाओं केे आन्दोलन के चलते आज केन्द्रीय शिक्षा मन्त्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान द्वारा इस्तीफा दिये जाने का फैसला उचित, जो यह पहले ही ले लिया जाता तो बेहतर होता। साथ ही, हमारी पार्टी केन्द्र सरकार से यह भी अपेक्षा करती है कि जिन पुलिसकर्मियों ने जन्तर-मन्तर पर…
— Mayawati (@Mayawati) July 25, 2026
मायावती ने लिखा कि खास तौर से जिन पुरुष पुलिसकर्मियों ने लड़कियों के साथ बेहूदा एवं शर्मनाक हरकत की और बल प्रयोग किया, उनको चिन्हित करके उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की जाए एवं उनपर आपराधिक मुकदमा चलाया जाए जिससे भविष्य में इस तरह की घिनौनी हरकत करने की कोई हिम्मत न कर सके। बसपा प्रमुख ने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों एवं युवाओं के खिलाफ जो भी प्राथमिकी या शिकायत दायर की गई है, उन सभी को वापस ले लिया जाए, जिससे इनको आगे चलकर कोर्ट-कचहरी के चक्कर न काटने पड़े और उनका भविष्य खराब न हो।
मायावती ने सभी आंदोलनकारियों से कहा कि वे इस मामले में किसी भी पार्टी को उनके इस संघर्ष का राजनीतिकरण न करने दें तथा अपने भविष्य को भी खराब न होने दें। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर नयी दिल्ली के जंतर मंतर समेत देशभर में जारी छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भेजा। प्रधान ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री को भेज दिया है।

