EVM से जापान कमाता है पैसा, भाजपा बनाती है सरकार: आजम खान

punjabkesari.in Thursday, Apr 27, 2017 - 06:39 PM (IST)

रामपुर: दिल्ली में निकाय चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद सपा के फायरब्रांड नेता आजम खान ने एक बार फिर ईवीएम पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई भी विकसित देश इस मशीन का प्रयोग क्यों नहीं करता है। साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्ष बिखरा हुआ है इसलिए विपक्ष की मांगों को नहीं माना गया।

उन्होंने ईवीएस पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसे बनाने वाला जापान क्यों खुद इस मशीन का प्रयोग नहीं करता। इसके अलावा विश्व के अन्य विकसित राष्ट्र जैसे अमेरिका और जर्मनी भी इस मशीन का प्रयोग नहीं करते। इन सभी देशों में बैलेट से ही चुनाव होते है। आजम खान ने कहा कि 'ईवीएम से जापान पैसा कमाता है और हमारे यहां भारतीय जनता पार्टी उससे सरकार बनाती है'।

इस दौरान उन्होंने कहा कि जब विपक्षीय दलों में बिखराव है और इसी बिखराव के कारण विपक्ष कमजोर हो गया है। उन्होंने कहा कि इसी बिखराव के कारण विपक्ष द्वारा बैलेट से चुनाव कराने की मांग को माना नहीं गया। जिसकी वजह से यह परिणाम सामने आए हैं।