Kanpur News: जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी के ठिकानों पर ED की छापेमारी, भाई अरशद पर भी एक्शन

punjabkesari.in Thursday, Mar 07, 2024 - 09:44 AM (IST)

Kanpur News: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के कानपुर में समाजवादी पार्टी के जेल में बंद विधायक इरफान सोलंकी के परिसरों पर छापा मारा। अधिकारियों के मुताबिक, सोलंकी के भाई अरशद के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई। इरफान सोलंकी पर एक महिला द्वारा एक भूखंड पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाने के बाद वह पिछले एक साल से जेल में बंद हैं। सोलंकी के खिलाफ अब तक 17 मामले दर्ज हो चुके हैं।

सपा विधायक इरफान सोलंकी पर दर्ज हैं कई मामले
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, विधायक इरफान सोलंकी पर साजिश विवाद, आगजनी, फर्जी आधार कार्ड से हवाई यात्रा और बांग्लादेशी नागरिकों को फर्जी भारतीय नागरिकता देने समेत कई मामले दर्ज हैं। इससे पहले, सोलंकी ने हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव में वोट डालने के लिए आवेदन दायर किया था। हालांकि, कोर्ट ने उनकी अर्जी खारिज कर दी थी।

सूत्रों ने बताया कि सोलंकी, जेल में बंद उनके भाई रिजवान, शौकत अली, हाजी वसी, नूरी शौकत और कुछ अन्य के कानपुर में लगभग पांच परिसरों और महाराष्ट्र के मुंबई में एक परिसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों द्वारा मुहैया सुरक्षा के बीच तड़के छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा सोलंकी और अन्य के खिलाफ दर्ज कई प्राथमिकियों के आधार पर ईडी ने उनके विरुद्ध धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया था जिसके बाद यह कार्रवाई की जा रही है।

दिसंबर 2022 से महाराजगंज जेल में बंद है विधायक इरफान सोलंकी
बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा के विधायक सोलंकी कई आपराधिक मामलों में दिसंबर 2022 से महाराजगंज जेल में हैं। सोलंकी और रिजवान को पुलिस ने एक महिला को परेशान करने और उसका भूखंड हड़पने के लिए उसके घर में आग लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। बाद में उन्होंने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस ने सोलंकी और रिजवान तथा तीन अन्य पर उत्तर प्रदेश गैंगस्टर और असामाजिक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।

Content Editor

Anil Kapoor