बेवफा पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रचा खौफनाक खेल, 200 CCTV कैमरों ने खोला कातिल बीवी का राज

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 11:21 AM (IST)

Kanpur News: कानपुर जिले के चकेरी इलाके में हुई आशीष शर्मा की मौत का मामला एक साधारण मौत नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश निकली। जिस पत्नी ने मकान मालिक पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, वही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की कातिल निकली। पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की खाक छानने के बाद इस खूनी इश्क का पर्दाफाश कर दिया है।

शराब की लत और जिला बदर का उठाया फायदा
हमीरपुर का रहने वाला आशीष शर्मा एक हिस्ट्रीशीटर था और जिला बदर होने के बाद कानपुर के चकेरी में रह रहा था। 2 अप्रैल को उसका शव घर के अंदर संदिग्ध हालत में मिला। शुरुआती जांच में लगा कि शराब की लत के कारण उसकी मौत हुई होगी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस के होश उड़ा दिए। रिपोर्ट में साफ हुआ कि आशीष की गला दबाकर हत्या की गई थी।

CCTV फुटेज और आधी रात का वो राज
पुलिस के पास कोई सुराग नहीं था, क्योंकि मृतक की पत्नी आरती खुद हमीरपुर में रह रही थी। चकेरी पुलिस ने इलाके के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। एक फुटेज में आधी रात को एक संदिग्ध महिला एक युवक के साथ आशीष के घर में घुसती और कुछ देर बाद बाहर निकलती दिखी। जब पुलिस ने हमीरपुर जाकर पहचान कराई, तो पता चला कि वह महिला आशीष की पत्नी आरती ही थी।

जंगल के फॉरेस्ट कांड से शुरू हुई थी इश्क की कहानी
पुलिस की पूछताछ में आरती ने जो सच उबला, वह किसी फिल्म की कहानी जैसा है। आरती का अफेयर हमीरपुर के ही सबलू नाम के युवक से था। दिलचस्प बात यह है कि 2022 में हमीरपुर के एक फॉरेस्ट कांड (छेड़छाड़ मामला) में आशीष और सबलू दोनों एक साथ जेल गए थे। आशीष के जिला बदर होने के बाद आरती और सबलू के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।

सैकड़ों किलोमीटर का सफर और खौफनाक अंजाम
आरती ने बताया कि आशीष उसके साथ मारपीट करता था, इसलिए उसने उसे रास्ते से हटाने का मन बना लिया। 1 अप्रैल की रात आरती और उसका प्रेमी सबलू हमीरपुर से सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर कानपुर पहुंचे। उन्हें पता था कि आशीष नशे में धुत होगा। दोनों ने घर में घुसकर सो रहे आशीष का गला दबाया और उसकी जान ले ली। हत्या के बाद आरती वापस हमीरपुर लौट गई ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस की कार्रवाई
एडीसीपी अंजली विश्वकर्मा ने बताया कि आरोपी पत्नी आरती को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका प्रेमी सबलू फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। आरती के तीन बच्चे हैं, जिनका भविष्य अब अंधकार में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static