उत्तराखंड विधानसभा चुनावः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय BJP में शामिल

punjabkesari.in Thursday, Jan 27, 2022 - 10:52 AM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। कुछ ही समय पहले कांग्रेस ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उपाध्याय ने यहां पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
PunjabKesariभाजपा ने अभी तक टिहरी विधानसभा सीट पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है और अटकलें लगाई जा रही हैं कि सत्तारूढ़ पार्टी उपाध्याय को टिहरी से चुनावी समर में उतार सकती है। इससे पहले कांग्रेस के उत्तराखंड प्रभारी देवेंद्र यादव ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि उत्तराखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में गुरुवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

हाल ही में उपाध्याय को कांग्रेस के सभी पदों से हटा दिया गया था। उपाध्याय कुछ सप्ताह पहले तक उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए बनी कांग्रेस समन्वय समिति के प्रमुख की भूमिका निभा रहे थे और वह राज्य कांग्रेस कोर कमेटी तथा उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य थे। बता दें कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए राज्य की सभी 70 सीटों पर 14 फ़रवरी को मतदान होगा। मतगणना 10 मार्च को होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static