जानिए, क्या-क्या गुल खिला गई एक रात की दुल्हन

punjabkesari.in Saturday, Feb 25, 2017 - 03:58 PM (IST)

कानपुरः नजीराबाद पुलिस थानांतर्गत सरोजिनी नगर में घर आई नई नवेली दुल्हन पहली रात को ही ससुराल से करीब ढाई लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई । इस बात की जानकारी तब लगी जब सुबह उसे जगाने के लिए ससुरालवाले उसके कमरे में पहुंचे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुल्हन की तलाश की जा रही है।

वर पक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज
जानकारी के अनुसार मामला कानपुर के थाना क्षेत्र सरोजिनी नगर का है। जहां के श्यामबाबू की शादी देवरिया निवासी 26 साल की एक युवती से हुई थी । श्यामबाबू के मुताबिक शादी के बाद वह अपनी दुल्हन को विदा कराकर देवरिया से कानपुर लाया था। देर रात सब लोग सोने चले गए और दुल्हन को भी उसके कमरे में सोने के लिए भेज दिया गया था। लेकिन अगली सुबह जब घर की महिलाए दुल्हन के कमरे में पहुंचीं तो कमरे से दुल्हन गायब थी। कमरे में रखे ब्रीफकेस और अल्मारी से करीब ढाई लाख रूपए के सोने चांदी के जेवर गायब थे। दुल्हन के मोबाइल पर फोन किया गया तो वह बंद था।

पुलिस कर रही मामले की जांच
ससुरालवालों ने दुल्हन के मायके देवरिया फोन किया तो पता चला कि वह वहां पर भी नहीं पहुंची। तब उन्होंने नजीराबाद थाने में दुल्हन के खिलाफ मामला दर्ज करवााने के लिए तहरीर दी। नजीराबाद थाना निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दुल्हन को खोजने की कोशिश जारी है ।