दोहरे हादसे से मचा कोहराम: कहीं मेले का झूला टूटा तो कहीं नहर में समाई श्रद्धालुओं की ट्रॉली, 4 की मौत और दर्जनों घायल

punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 06:01 PM (IST)

Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले का खड्डा थाना क्षेत्र बुधवार की रात 2 बड़े हादसों से दहल उठा। पहली घटना भैंसहां दुर्गा मंदिर परिसर में लगे मेले में हुई, जहां एक बड़ा झूला अचानक टूटकर गिर गया। वहीं दूसरी घटना सिसवा गोपाल इलाके में हुई, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बड़ी गंडक नहर में जा गिरी। इन हादसों में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

मेले में चीख-पुकार: अचानक मौत बनकर गिरा झूला
भैंसहां दुर्गा मंदिर में आयोजित मेले में देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब झूला झूल रहे लोग अचानक ऊंचाई से नीचे आ गिरे। झूले का एक हिस्सा टूट जाने के कारण उसमें सवार महिलाएं और बच्चे लोहे के भारी एंगल के नीचे दब गए। घटना होते ही स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। इस हादसे में करीब 12 लोग घायल हुए हैं। सभी को तत्काल कोटवा अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से 4 की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि झूले के सुरक्षा मानकों की जांच नहीं की गई थी। पुलिस ने फिलहाल झूला बंद करवाकर संचालकों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 4 की मौत
अभी मेले के हादसे की खबर ठंडी भी नहीं हुई थी कि खड्डा के सिसवा गोपाल इलाके से दूसरी दर्दनाक खबर आ गई। धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बड़ी गंडक नहर में पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। रात के अंधेरे और नहर के गहरे पानी के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रशासनिक कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल
एक ही थाना क्षेत्र में चंद घंटों के भीतर हुए इन 2 हादसों ने जिला प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेले में उमड़ने वाली भीड़ के बावजूद तकनीकी सुरक्षा की कमी और सड़कों पर अनियंत्रित वाहनों की आवाजाही ने कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोनों मामलों की गहन जांच की जा रही है। झूला संचालक और ट्रैक्टर चालक की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static