लखीमपुरः पेड़ से लटकी मिली दो बहनों की लाश, इलाके में तनाव, विपक्ष ने सरकार को घेरा

punjabkesari.in Thursday, Sep 15, 2022 - 07:34 AM (IST)

लखीमपुर/लखनऊः लखीमपुर खीरी जिले के निघासन क्षेत्र में बुधवार शाम एक खेत में दो सगी बहनों के शव पेड़ पर फंदे से लटकते मिले। इस घटना के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने निघासन चौराहे पर रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया। लड़कियों की मां ने पड़ोस के गांव के रहने वाले तीन युवकों पर उसकी बेटियों को अगवा कर उनकी हत्या करने का आरोप लगाया है। 

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि बुधवार की शाम निघासन कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से कुछ दूरी पर गन्ने के खेत में लगे पेड़ पर फंदे से लटकते दो किशोरियों के शव मिले। उन्होंने बताया कि इस घटना के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने निघासन चौराहे पर रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन और अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नाराज ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। 

सूत्रों ने बताया कि मृत लड़कियों की मां का आरोप है कि पड़ोस के गांव के रहने वाले तीन युवकों ने उसकी बेटियों को उनकी झोपड़ी के पास से अगवा करने के बाद उनकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं, लड़कियों की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता लग सकेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

पुलिस ने एक आरोपी को लिया हिरासत में
वहीं इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस को उसके तीन साथियों की और तलाश है। आरोपी से अभी पूछताछ की जा रही है।

विपक्ष ने सरकार को घेरा 
इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार को घेरने का प्रयास किया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना की तुलना हाथरस कांड से करते हुए ट्वीट किया, ‘‘निघासन पुलिस थाना क्षेत्र में दो दलित बहनों को अगवा करने के बाद उनकी हत्या और उसके बाद पुलिस पर पिता का ये आरोप बेहद गंभीर है कि बिना पंचनामा और सहमति के उनका पोस्टमार्टम किया गया। लखीमपुर में किसानों के बाद अब दलितों की हत्या ‘हाथरस की बेटी' हत्याकांड की जघन्य पुनरावृत्ति है।"

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया, ‘‘लखीमपुर में दो बहनों की हत्या की घटना दिल दहलाने वाली है। परिजनों का कहना है कि उन लड़कियों का दिनदहाड़े अपहरण किया गया था। रोज अखबारों व टीवी में झूठे विज्ञापन देने से कानून व्यवस्था अच्छी नहीं हो जाती। आखिर उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराध क्यों बढ़ते जा रहे हैं? कब जागेगी सरकार?''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News

static