जैसे विवादित ढांचा गिराया वैसे ही करेंगे मंदिर का निर्माण: राम विलास वेदांती

punjabkesari.in Sunday, Apr 23, 2017 - 10:42 AM (IST)

फैजाबाद\अयोध्या(अभिषेक सावन्त): 1992 की तरह एक बार फिर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की गूंज सुनाई देने लगी है। श्री राम जन्म भूमि न्यास के वरिष्ठ सदस्य और बीजेपी पूर्व सांसद डॉ. राम विलास वेदांती ने रामलला का दर्शन पूजन करने के बाद एक बड़ा ऐलान कर दिया है। वेदांती ने कहा कि 6 दिसम्बर 1992 को जिस तरह विवादित ढांचा ढहाया गया उसी तरह 6 दिसम्बर 2018 को संत महंतो के नेतृत्व में भव्य मंदिर का कार्य शुरू हो जाएगा।

राम विलास वेदांती ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण शोमनाथ मंदिर की तर्ज पर किया जाएगा। वेदांती ने भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र में किए गए दावों को याद दिलाते हुए कहा कि बीजेपी ने संवैधानिक रूप से मंदिर बनाने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्व विश्वास है कि भाजपा की सरकार में मंदिर निर्माण होगा।

वेदांती का संकल्प, झूठ न बोलने की खाई कसम
डॉ. राम विलास वेदांती ने राम लाला का दर्शन करने के बाद बताया कि उन्होंने भगवान राम के सामने संकल्प लिया है कि मंदिर निर्माण के लिए फांसी पर लटकना पड़े तो तैयार हूं, लेकिन झूठ बोलने के लिए कभी तैयार नहीं हूं कि ढांचा मैंने नहीं तुडवाया। साथ ही उन्होंने प्रार्थना की कि 1992 में जिस तरह से लाखों कारसेवकों ने विवादित ढांचे को ढहाया उसी तरह 6 दिसम्बर 2018 में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का भव्य मदिर निर्माण करवाए।

भाजपा का आश्वाशन ,6 दिसम्बर 2018 से निर्माण प्रारंभ
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें आश्वाशन दिया है कि 6 दिसम्बर 2018 के बाद मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। वहीं उन्होंने यह साफ करते हुए कहा कि 1992 की तारीख की तरह एक बार फिर नई तारीख निश्चित करके भ्रष्टाचार,आतंकवाद का ढांचा गिरा कर अयोध्या में श्री राम का भव्य मंदिर बनाए। वेदांती ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि वह मंदिर निर्माण के लिए कभी झूठ नहीं बोलेंगे।