प्रसाद की थाली... और सामने खड़ी मौत: बेकाबू कार ने मासूम को 30 मीटर तक घसीटा, रोंगटे खड़े कर देगा ये खौफनाक मंजर

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 10:04 AM (IST)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां एक बेकाबू कार ने 8 साल के मासूम बच्चे को ऐसी बेरहमी से कुचला कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने आरोपी महिला टीचर को घंटों बंधक बनाए रखा।

30 मीटर तक घिसटता रहा मासूम
हादसा मोहनलालगंज के इमलियाखेड़ा गांव का है। शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे, 8 साल का अर्जुन गांव में हो रहे एक भंडारे में प्रसाद लेने निकला था। तभी रायबरेली की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार वैगनआर कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि मासूम अर्जुन करीब 30 मीटर तक कार के साथ सड़क पर घिसटता चला गया।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, टीचर को बनाया बंधक
हादसे को देख गांव वाले दौड़ पड़े और किसी तरह कार को रुकवाया। अर्जुन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बदकिस्मती से उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण उग्र हो गए। उन्होंने कार चला रही महिला टीचर और उसके साथ मौजूद दो अन्य महिला शिक्षिकाओं को कार समेत करीब 3 घंटे तक बंधक बनाए रखा। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और टीचर को हिरासत में लिया।

रायबरेली से लौट रही थीं टीचर
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कार चला रही महिला रायबरेली के एक स्कूल में पढ़ाती है और वह अपनी अन्य साथी शिक्षिकाओं के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। पुलिस ने आरोपी टीचर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है।

मां की चीखें सुन दहल गया कलेजा
अर्जुन अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा और सबका लाडला था। उसकी मौत के बाद मां कमलेश का रो-रोकर बुरा हाल है। जब अर्जुन का शव सीएचसी मोहनलालगंज ले जाया गया, तो वहां उसकी मां की चीखें सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गई। पिता टिंकल और बड़े भाई-बहन अभी भी सदमे में हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static