विवेक तिवारी हत्याकांडः घटना से कुछ मिनट पहले का CCTV वीडियो आया सामने

punjabkesari.in Monday, Oct 01, 2018 - 02:37 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी में पुलिस कॉन्स्टेबल द्वारा एप्पल कंपनी के मैनेजर की हत्या का मामला शांत होता नहीं दिख रहा है। इस मामले में सबूतों को इकट्ठा करने के लिए एसआईटी टीम रविवार को घटनास्थल पर पहुंची और पूरी वारदात का रिक्रिएशन किया। अब इस मामले में हत्याकांड से कुछ मिनट पहले का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें मृतक विवेक तिवारी की कार और पुलिस की मोटरसाइकिल दिख रही है। दोनों गाड़ियां गोमतीनगर विस्तार के रास्ते पर आगे बढ़ रही हैं। हालांकि, इसके बाद आगे क्या होता है, इस बात का पता नहीं लग पा रहा है।

उल्लेखनीय है कि बीते शनिवार को उत्तर प्रदेश में चेकिंग के दौरान कार न रोकने पर सिपाही ने गोली चला दी, जिससे विवेक तिवारी की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शनिवार को तड़के एक मोबाइल कंपनी के एरिया मैनेजर विवेक तिवारी कार से अपनी एक महिला सहयोगी को छोड़ने उसके घर जा रहे थे, तभी चेकिंग कर रहे सिपाहियों ने उनको रुकने का इशारा। किया। उनके नहीं रुकने पर पुलिस ने उन पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि गोली लगने से विवेक कार पर नियंत्रण नहीं रख सके और कार अंडरपास से टकरा गई।

पुलिस के अनुसार, घायल को राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अधिक खून बहने के कारण उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में विवेक तिवारी की ठुड्ढी में गोली लगने की पुष्टि हुई है। गोली गर्दन व सिर के बीच में फंसी थी, जिसके कारण अधिक रक्तस्राव से मौत हो गई। पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मृतक की महिला सहयोगी की प्राथमिकी के आधार पर गोमतीनगर थाने में सिपाहियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है।

Anil Kapoor