‘यूपी में महागठबन्धन’ की अटकलों पर कांग्रेस ने दिया बड़ा बयान

punjabkesari.in Friday, Oct 28, 2016 - 05:55 PM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस महासचिव और पार्टी मामलों के प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि उत्तर प्रदेश राज्य विधानसभा चुनाव के लिए गठबन्धन के बारे में उनकी पार्टी से अभी तक किसी ने संपर्क नहीं किया है। 

आजाद ने कल रात कहा, ‘मैंने भी सुना है कि उत्तर प्रदेश में गठबन्धन की बात चल रही है लेकिन उनसे या उनकी पार्टी के नेतृत्व से इस बारे में अभी तक किसी ने संपर्क नहीं किया है।’ उन्होंने कहा कि अभी वह महागठबन्धन के बारे में कैसे कुछ बोल सकते हैं। जब कोई संपर्क करेगा तभी तो वह कुछ कह सकते हैं। गठबन्धन के बारे में अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा, बशर्ते गठबन्धन के लिए कोई आगे तो आये। 

गौरतलब है कि इस समय सपा,कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल के महागठबन्धन की अटकलें तेज हैं। सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव और राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह की आज दिल्ली में मुलाकात भी हुई है।

एक सवाल के जवाब में आजाद ने स्वीकार किया कि धर्मनिरपेक्ष वोटों का बंटवारा रोककर ही साम्प्रदायिक शक्तियों को जवाब दिया जा सकता है। उनका कहना था कि कांग्रेस का हमेशा से मानना रहा है कि देश में धर्मनिरपेक्षता की जडें कमजोर नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश काफी बड़ा है। इस राज्य का देश की राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान रहता है, इसलिए यहां संविधान के मूल धर्मनरिपेक्षता को कमजोर नहीं होने देना है। 

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के कमजोर होने संबंधी एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है। इसके सिद्धान्त अलहदा हैं। सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता है, इसलिए देर-सबेर जनता फिर से कांग्रेस को केन्द्र की सत्ता सौंपेगी। उन्होंने कहा भाजपा बुनियादी समस्याओं के बजाय चुनाव को भावनात्मक मुद्दे पर ले जाने में माहिर है। कभी राम मन्दिर तो कभी अन्य मुद्दों के जरिये मतों के ध्रुवीकरण कराने की फिराक में रहती है। 

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भाजपा इस बार सर्जिकल स्ट्राइक को भुनाना चाहती है, जबकि विदेश सचिव एस जय शंकर भी कह चुके हैं कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में भी इस तरह की सैन्य कार्रवाई हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता समझेगी जरुर, थोड़ा वक्त लगेगा। जम्मू कश्मीर के मूल निवासी आजाद ने कहा कि पाकिस्तान को वहां अपनी हरकतें बन्द करनी चाहिए। पाकिस्तान को जान लेना चाहिए कि जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। उसे भारत से कोई जुदा नहीं कर सकता।

 उन्होंने कहा कि कश्मीर के हालात बदतर हो गये हैं। एक सौ दस दिनों से वहां के स्कूल कालेज बन्द हैं। बच्चों की पढाई नहीं हो पा रही है। दुकानें बन्द हैं। रोजगार ठप है। पर्यटक जा नहीं रहे हैं। मोदी सरकार को वहां के बाशिन्दों के मुश्किलात को समझकर उनकी दुश्वारियों को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए। 

Up Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें