हैवानियत की हदें पार: मुजफ्फरनगर में महिला को बंधक बनाकर 2 माह तक नोचते रहे दरिंदे

punjabkesari.in Thursday, Apr 19, 2018 - 09:16 AM (IST)

लखनऊ/मुजफ्फरनगर/मुम्बई/तूरा/भोपाल: देश में दुष्कर्म की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हर रोज नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर के सिविल लाइंस इलाके में एक घर के तहखाने में बंधक बना कर रखी गई 23 वर्षीय महिला से करीब 2 महीने तक 2 व्यक्तियों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि उसे 2 महीने तक उस स्थान पर रखा गया और एक व्यक्ति तथा उसके अंकल ने उससे दुष्कर्म किया। महिला 1 फरवरी को किसी तरह घर से भागने में सफल रही।

लखनऊ में लिफ्ट देकर लूटी आबरू
उधर लखनऊ में एक महिला के साथ हुई दुष्कर्म की घटना ने महिला सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है। सोमवार की देर रात चारबाग रेलवे स्टेशन के बाहर किसी वाहन का इंतजार कर रही एक महिला को कार सवार एक बदमाश ने लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठा लिया और हजरतगंज क्षेत्र स्थित सुनसान जगह पर ले जाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता किसी तरह उनके चंगुल से निकलने के बाद हजरतगंज कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर आपबीती बताई। उन्नाव कांड के मामले से सबक लेते हुए हजरतगंज पुलिस सक्रिय हुई और दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की। आरोपी को भैंसाकुंड के पास से गिरफ्तार कर लिया है तथा पीड़िता को मैडीकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।

महाराष्ट्र व मेघालय में 7-7 साल की बच्चियों से रेप
महाराष्ट्र के परभणी जिले में 18 साल के एक युवक ने 7 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को घटना के 5 दिन बाद परभणी से गिरफ्तार कर लिया। वहीं मेघालय के उत्तरी गारो पहाड़ी जिले में 7 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप में उसके दादा को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार यह घटना 10 अप्रैल को हुई थी। उधर, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के टी.टी. नगर थाना क्षेत्र में एक कालेज संचालक ने अपने कार्यालय की महिला से दुष्कर्म कर उसका वीडियो बना लिया और 6 साल तक उसे ब्लैकमेल करता रहा। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Anil Kapoor