कार से टकराई साइकिल तो भागने लगा ड्राइवर, रोकने की कोशिश में युवक को 500 मीटर तक घसीटा... Viral Video से मची सनसनी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 07:43 AM (IST)

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक दुर्घटना के बाद चालक को भागने से रोकने की कोशिश में तेज रफ्तार कार की खिड़की से लटके एक युवक को करीब 500 मीटर तक घसीटा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना जैतरा कस्बे के लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास हुई और इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक कार ने साइकिल को टक्कर मार दी। घटनास्थल पर बहस छिड़ने पर कार चालक ने कथित तौर पर भागने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि एक युवक ने गाड़ी की खिड़की पकड़कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन रुकने के बजाय चालक ने गाड़ी तेज कर दी और उसे करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। राहगीरों और दुकानदारों ने शोर मचाकर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पूरी घटना को एक प्रत्यक्षदर्शी ने रिकॉर्ड कर लिया और बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया।

ये भी पढ़ें:- 'लिखित में दो, वरना नहीं जाने देंगे'... बलिया में कटान पीड़ितों के गुस्से का शिकार हुए मंत्री दयाशंकर सिंह, जानें Viral Video का सच

पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि घटना बीते सोमवार दोपहर करीब 2 बजे हुई। उन्होंने बताया कि कार की चपेट में आने से एक लड़की की साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सिंह ने कहा कि युवक ने लड़की की साइकिल को हुए नुकसान को देखने के बाद कार चालक को रोकने का प्रयास किया। जब चालक ने भागने की कोशिश की, तो युवक ने कार की खिड़की पकड़ ली, जिसके बाद उसे घसीटा गया। पुलिस ने कहा कि उसने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया, जहां मामले को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझा लिया गया। पुलिस ने बताया कि चूंकि किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है, इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई शुरू नहीं की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static