Mathura News: बांके बिहारी मंदिर के दर्शन करने आए श्रद्धालु की मौत, जताई जा रही यह आशंका

punjabkesari.in Tuesday, Mar 19, 2024 - 03:11 PM (IST)

Mathura News: उत्तर प्रदेश में वृदावन के बांके बिहारी मंदिर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां मंदिर में दर्शन करने आए एक श्रद्धालु की मौत हो गई। मृतक श्रद्धालु के साथियों ने हार्ट अटैक से उसकी मौत की आशंका जताई है। आने वाले होली के त्योहार को देखते हुए मंदिर में काफी भीड़ थी। ऐसे में भीड़ के दबाव में भी हादसा होने की संभावना जताई गई है। श्रद्धालु मुंबई से 40 लोगों के साथ वृंदावन और आसपास के मंदिरों में दर्शन करने आया था। वहीं मृतक श्रद्धालु के साथियों ने इलाज में देरी का भी आरोप लगाया है।

जानिए, क्या है पूरा मामला?
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई का रहने वाला सुनील मग्गो (68 वर्ष) 40 लोगों के साथ वृंदावन में होली के अवसर पर दर्शन करने आया था। आज ये सभी लोग वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे कि तभी सुनील की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस दौरान वो तुरंत मंदिर के बाहर आकर एक चबूतरे पर बैठ गया। इस दौरान सुनील की सांस फूलने लगी और जब तक उसका इलाज शुरू किया तब तक वह बेहोश हो गया। आनन-फानन उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसको मृत घोषित कर दिया।

जानिए, क्या कहना है मृतक श्रद्धालु के साथियों का?
बताया जा रहा है कि मृतक श्रद्धालु के साथियों ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सुनील बैंक से रिटायर्ड था। जब वो बेहोश होकर गिरा तो लगभग 20 मिनट तक कोई भी डॉक्टर इलाज के लिए नहीं आया। जब काफी समय बीत जाने के बाद डॉक्टर वहां आए तो उन्होंने सिर्फ सुनील की छाती को पंप किया और कुछ देर चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक सुनील मग्गो के साथ दर्शन करने आई एक महिला ने कहा कि मंदिर में बहुत भीड़ थी। हार्ट अटैक से या फिर भीड़ के दबाव में भी मौत हो सकती है। फिलहाल, शव को मुंबई ले जाने का इंतजाम कर रहे हैं।

Content Editor

Anil Kapoor