मौलाना सादिक का बड़ा बयानः मुसलमानों को अयोध्या की जमीन हिंदुओं को दे देनी चाहिए

punjabkesari.in Sunday, Aug 13, 2017 - 01:56 PM (IST)

मुंबई/अयोध्याः सुप्रीम कोर्ट में चल रहे अयोध्या मामले की सुनवाई के बीच शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे सादिक ने एक बार फिर विवादित ज़मीन को हिंदुओं को देने की अपील की है। मुंबई के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगर विवादित जमीन को लेकर फैसला मुसलमानों के पक्ष में न भी आए तो उन्हें इसका कोई विरोध नहीं करना चाहिए।
               

              

मौलाना सादिक ने कहा कि बाबरी मस्जिद मामला सुप्रीम कोर्ट में है। अगर फैसला मुसलामानों के हक़ में न आए तो मुसलमान को इस फैसले का स्वागत करना चाहिए, कोई प्रोटेस्ट न करें और अगर फैसला मुसलमान के हक़ में आ जाए तो मुसलामानों को बाबरी मस्जिद की ज़मीन हिंदुओं को दे देना चाहिए।
               

केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने की तारीफ
सादिक पहले भी ऐसा बयान दे चुके हैं। उनके बयान की तारीफ केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने की। उन्होंने कहा मौलाना सादिक ने हमारा दिल जीत लिया है। भगवान राम किसी एक के नहीं हैं। वह भारत की आत्मा हैं।

हिंदुओं के पक्ष में सादिक के बयान से पहले शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा डालकर राम जन्मभूमि और बाबरी मस्जिद विवाद को नया मोड़ दे दिया है। शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी द्वारा दाखिल हलफनामे में सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की जगह उसे पक्षकार बनाने की मांग की गई।यही नहीं इस अर्जी में विवाद को सुलझाने का फॉर्मूला भी सुझाया गया है।