भीषण गर्मी में बिजली कटौती की दोहरी मार.. मायावती ने BJP सरकार पर बोला हमला, कहा- तत्काल उपाय करें
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 02:05 PM (IST)
लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति की स्थिति को लेकर चिंता जताई है और सरकार से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की अपील की है। मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में गर्मी के इस मौसम में बिजली की कमी और कटौती की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि इससे गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यापारी और अन्य मेहनतकश लोगों का जीवन बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता इस समस्या को लेकर विभिन्न तरीकों से अपना आक्रोश व्यक्त कर रही है और इसकी चर्चा मीडिया में भी लगातार हो रही है। बसपा प्रमुख ने सरकार से अपील की कि बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए तत्काल जरूरी कदम उठाए जाएं। साथ ही भविष्य में स्थिति को बेहतर बनाने के लिए नए पावर प्लांट स्थापित करने सहित अन्य प्रभावी उपाय किए जाएं, जो व्यापक जनहित में आवश्यक हैं।

