''पुलिस अफसर की मां सुरक्षित नहीं तो आम जनता का क्या?'' IPS की बुजुर्ग मां की ह/त्या पर भड़कीं मायावती
punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 12:25 PM (IST)
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती ने अंबेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने घटना को बेहद दुखद और प्रदेश की कानून-व्यवस्था के लिहाज से गंभीर बताया तथा सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मायावती ने सोमवार को 'एक्स' पर कहा कि अंबेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की करीब 91 वर्षीय बुजुर्ग मां की हुई हत्या अत्यंत दुखद और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिहाज से अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना को लेकर लोगों की यह आशंका वाजिब है कि जब हत्या जैसी जघन्य वारदात पुलिस अधिकारी के परिवार के साथ हो सकती है तो आमजन की सुरक्षा का क्या होगा। उन्होंने सरकार से घटना का उचित संज्ञान लेने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कारर्वाई करने की मांग की।
अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरूआ गांव में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां का शव उनके घर में मिला था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला के शरीर से आभूषण गायब थे और मुंह से खून निकलने की बात सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस ने हत्या और लूट के पहलू से जांच शुरू की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने में मदद मिलेगी। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। मायावती ने सरकार से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा करती हैं और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती हैं।

