UP के इस जिले में कल से सभी स्कूल बंद, जानें कितने दिनों तक रहेगी छुट्टी, इन स्कूलों पर लागू होगा आदेश
punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 05:26 PM (IST)
मेरठ : कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और यातायात व्यवस्था को देखते हुए मेरठ जिला प्रशासन ने 3 अगस्त से 10 अगस्त तक जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी ने आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले मुजफ्फरनगर में भी इसी अवधि के लिए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया जा चुका है।
प्रशासन के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ से होकर लाखों शिवभक्त गुजरते हैं। इसे देखते हुए प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है और कई स्थानों पर यातायात को वनवे कर दिया गया है। शहर के भीतर कई कट बंद होने से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के आवागमन में दिक्कत होने की आशंका है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया है।
इन स्कूलों पर लागू होगा आदेश
जारी आदेश के तहत यह अवकाश जिले के सभी प्री-प्राइमरी, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों, यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध स्कूलों, सरकारी एवं निजी माध्यमिक विद्यालयों, डिग्री कॉलेजों, डायट तथा तकनीकी शिक्षण संस्थानों पर लागू रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी संस्थानों के प्रमुखों को निर्धारित अवधि में परिसर पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की गई है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

