मोदी सरकार पूंजीपतियों पर मेहरबान, किसान-नौजवान हैं परेशान: अखिलेश

punjabkesari.in Wednesday, Aug 30, 2017 - 07:38 PM (IST)

आजमगढ़: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर केवल पूंजीपतियों पर मेहरबान रहने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि इस समय नौजवान, किसान और मजदूर सभी बेहाल हैं। अखिलेश यादव कारगिल में शहीद हुए राम समुझ यादव की प्रतिमा का अनावरण कर रहे थे। 

योगी सरकार हर मोर्चे पर विफल
पूर्व मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की सरकार को भी हर मोर्चे पर विफल बताया और कहा कि केंद्र की तीन वर्ष की सरकार तो अब तक नौजवानों, किसानों के लिए कुछ कर नहीं सकी केवल पूंजीपतियों पर मेहरबान है। उत्तर प्रदेश सरकार की चुटकी लेते हुए सपाध्यक्ष ने कहा कि इस पर केवल एक ही कहावत सही बैठती है कि ‘पूत के पांव पालने में ही दिखने लगे हैं।’

प्रदेश सरकार की तो अब पुलिस वाले भी नही सुनते
प्रदेश सरकार की तो अब पुलिस वाले भी नही सुनते, मुख्यमंत्री के क्षेत्र गोरखपुर में बच्चों की हुई मौतों ने ही सरकार की विफलता दर्शा दिया । उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा और कहा कि भाजपा कहती है कि सपा भेदभाव करती है। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछना चाहते हैं कि उन्होंने गोरखपुर में क्या किया। गोरखपुर में सबसे अधिक हिन्दू वह भी पिछड़े वर्ग के बच्चों की मौत हुई है। 

किसान ही खुशहाल नहीं 
अखिलेश यादव ने कहा कि किसान का बेटा ही देश की सीमा की रक्षा कर रहा है लेकिन किसान ही खुशहाल नहीं हैं, तो देश की सीमा पर कैसे अपने बेटे को भेजेगा। उन्होंने फौजियों पर गर्व जताया कहा विपरीत परिस्थितियों में भी जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा में लगा है।  उन्होंने कहा कि भारत ही दुनिया में एक ऐसा देश है जहां इतनी जाति-धर्म और मजहब के लोग एक साथ रहते है और देश की सीमा को कोई खतरा नही है। देश के अंदर फिरकापरस्त ताकतों से सजग रहना होगा और देश के अंदर एक दूसरे का सम्मान करना होगा। उन्होंने कहा हमने भारतीय हॉकी खिलाड़ी ध्यानचंद के पुत्र को यश भारती सम्मान दिया और भाजपा सरकार ने उनकी पेंशन ही छीन ली।