मोहसिन रजा बने योगी मंत्रिमंडल के मुस्लिम चेहरा

punjabkesari.in Sunday, Mar 19, 2017 - 04:44 PM (IST)

लखनऊ: योगी आदित्यनाथ की आज देश के सबसे बड़े सूबे के मुख्यमंत्री के तौर पर ताजपोशी हुई। योगी आदित्यनाथ के 44 सदस्यों वाले मंत्रिमंडल में मोहसिन रजा का नाम सभी का ध्यान खींचने वाला रहा। आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में मोहसिन को राज्यमंत्री बनाया गया है। भाजपा ने विधानसभा की 403 सीटों में एक भी टिकट किसी मुस्लिम शख्स को नहीं दिया। पर योगी की कैबिनेट में भाजपा प्रवक्ता मोहसीन रजा को मिनिस्टर बनाया गया है।

भाजपा और उसके सहयोगी दलों के टिकट पर जीतकर आए 325 विधायकों में कोई भी मुसलमान नहीं है। इसके बाद भी योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में मोहसिन रजा को शामिल किया जाना अपने आप में बहुत बड़ी बात है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हुए मोहसिन रजा पूर्व क्रिकेटर हैं। भाजपा ने उन्हें प्रवक्ता बनाया था, जिसके चलते वे अक्सर टीवी चैनलों पर भाजपा का पक्ष रखते हुए देखे जाते रहे हैं। मोहसिन रजा पहली बार तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने 2013 में भाजपा के समर्थन में पोस्टर लगाया था। 40 वर्षीय मोहसिन रजा ने गवर्नमेंट जुबली इंटर कॉलेज से पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा हासिल किया। मंत्री पद संभालने के बाद मोहसिन रजा को छह महीने के अंदर विधानसभा या विधान परिषद की सदस्यता हासिल करनी होगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News

static