मुरादाबाद की लुटेरी दुल्हन: रात को पिलाया नशीला दूध, फिर जो हुआ... पति और सास-ससुर के उड़े होश
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 12:33 PM (IST)
Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पवित्र वैवाहिक रिश्तों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां डिलारी थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने अपने ही ससुराल वालों की जान दांव पर लगाकर सनसनीखेज लूट को अंजाम दिया और अपने पुराने प्रेमी के साथ फरार हो गई।
आधी रात का वो नशीला डिनर
वारदात 10 मार्च की रात की है। घर की बहू ने रसोई में रखे दूध में नशीला पदार्थ मिला दिया। डिनर के बाद उसने अपने पति, सास, ससुर और ननद को बड़े प्यार से वही दूध पिलाया। दूध पीते ही पूरा परिवार बेसुध होकर गहरी नींद में सो गया। जब सब बेखबर हो गए, तो दुल्हन ने अलमारियां साफ कीं। वह घर में रखी एक लाख रुपए की नकदी और लाखों के जेवर समेटकर रफूचक्कर हो गई।
दोपहर को खुला खौफनाक राज
अगले दिन दोपहर तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला और सन्नाटा पसरा रहा, तो पड़ोसियों को शक हुआ। लोगों ने घर के अंदर जाकर देखा तो पूरा परिवार बेहोश पड़ा था। होश में आने के बाद जब उन्होंने अलमारियां खाली और बहू को गायब पाया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुरानी आशिकी और साजिश
पीड़ित पति का कहना है कि उसका निकाह एक साल पहले छजलैट इलाके की युवती से हुआ था। लेकिन शादी के बाद भी उसका अपनी पुरानी पसंद हरविंदर से संबंध बना रहा। पति ने उसे कई बार रंगे हाथों पकड़ा और समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। उल्टा वह पति को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने लगी और अंत में पूरे परिवार को ठिकाने लगाने की साजिश रच दी।
पुलिस का एक्शन
डिलारी थाना पुलिस ने पति की शिकायत पर आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी हरविंदर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमें और सर्विलांस सेल सक्रिय हो गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही लुटेरी दुल्हन और उसके साथी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

