''अब लाइनपार नहीं, दाऊ दयाल नगर कहिए श्रीमान!'' CM योगी ने बदले 3 जगहों के नाम, जानिए कौन थे खन्ना

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 07:45 AM (IST)

Moradabad/Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद के लाइनपार इलाके का नाम अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे कांग्रेस के पूर्व विधायक दाऊ दयाल खन्ना के नाम पर रखने का ऐलान किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने गोंडा स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक का नाम बदलकर लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर और रायबरेली के सलोन में राजकीय पॉलीटेक्निक का नाम परिवर्तित कर पूर्व राज्य मंत्री दल बहादुर कोरी के नाम पर रखने की भी घोषणा की।

मुरादाबाद को 365 करोड़ की सौगात, लाइनपार का बदला नाम
आदित्यनाथ ने मुरादाबाद में 365 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत वाली 63 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के अवसर पर लाइनपार क्षेत्र का नाम दाऊ दयाल खन्ना के नाम पर रखने का ऐलान करते हुए कहा कि यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि उस महान व्यक्तित्व को सम्मान देने का प्रयास है जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मंच से कहा कि अब लाइनपार नहीं, दाऊ दयाल नगर कहिए, श्रीमान् जी।

राम मंदिर आंदोलन में दाऊ दयाल खन्ना का था बड़ा योगदान
आदित्यनाथ ने कहा कि खन्ना के गुरु महंत अवैद्यनाथ 1983 में गठित श्री राम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति के अध्यक्ष थे जबकि दाऊ दयाल खन्ना इसके महासचिव के तौर पर पूरे आंदोलन से जुड़े रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि खन्ना ने अपना पूरा जीवन श्री राम जन्मभूमि आंदोलन को समर्पित कर दिया और सरकार उनके योगदान का सम्मान करने के लिए लाइनपार इलाके का नामकरण उनके नाम पर करने का निर्णय ले रही है।

गोंडा और रायबरेली के पॉलीटेक्निक कॉलेजों के भी बदले नाम
इस बीच, मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा सोमवार को 'एक्स' पर दी गई जानकारी के मुताबिक आदित्यनाथ ने गोंडा स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक का नाम परिवर्तित कर सरदार वल्लभ भाई पटेल राजकीय पॉलीटेक्निक, गोण्डा करने का निर्णय लिया है। एक अन्य पोस्ट में मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि आदित्यनाथ ने रायबरेली के सलोन में राजकीय पॉलीटेक्निक का नाम परिवर्तित कर स्वर्गीय दल बहादुर कोरी राजकीय पॉलीटेक्निक, सलोन, रायबरेली करने का निर्णय लिया है। प्रदेश के पूर्व मंत्री दल बहादुर कोरी 2017 में सलोन सीट से भाजपा के विधायक निर्वाचित हुए थे। अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाले कोरी 3 बार विधायक और एक बार प्रदेश के राज्य मंत्री रह चुके थे। उनका मई 2021 में निधन हो गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static