जौनपुर में चुनावी परीक्षा में सांसद-विधायक फेल, बुरी तरह हारी बीजेपी

punjabkesari.in Saturday, Dec 02, 2017 - 03:13 PM (IST)

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में नगर निकाय चुनाव की परीक्षा में नगर विकास राज्यमंत्री, सांसद और विधायक फेल हो गए। अपने-अपने क्षेत्रों में वे अपनी पार्टी को नगर पालिका परिषद और पगर पंचायतों के अध्यक्ष पद पर नहीं जिता पाया। सबसे शर्मनाक स्थिति जौनपुर सीट की रही, जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने पूरी ताकत लगा दी थी। इसके बावजूद भाजपा तीसरे नंबर पर चली गई। 

जौनपुर के सदर विधायक एवं प्रदेश के नगर विकास राज्यमंत्री गिरीश चन्द यादव, विधायकगण डॉ0 हरेंद्र प्रसाद सिंह, दिनेश चौधरी, रमेश मिश्र एवं लीना तिवारी और सांसदों डॉ0 के पी सिंह व राम चरित्र निषाद भी अपने क्षेत्रों में पार्टी की साख नहीं बचा पाये। जौनपुर से विधायक गिरीश चन्द्र यादव प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री हैं। यहीं से डॉ0 के पी सिंह भाजपा के सांसद हैं, दोनों लोग जौनपुर की सीट नहीं जिता पाए। बदलापुर से रमेश मिश्र भाजपा के विधायक हैं। भाजपा बदलापुर में तीसरे नंबर पर रही। 

जिले के मछलीशहर से रामचरित्र निषाद भाजपा के सांसद हैैं। भाजपा वहां अध्यक्ष पद पर चौथे नंबर पर रही। जफराबाद से डॉ. हरेन्द्र प्रसाद सिंह विधायक हैं। जफराबाद में भाजपा प्रत्याशी को मात्र 547 मत मिले। केराकत में दिनेश चौधरी भाजपा के विधायक हैं वहां भाजपा को 964 वोट से संतोष करना पड़ा। भाजपा तीसरे स्थान पर रही। मड़यिाहूं से भाजपा की सहयोगी दल से डॉ. लीना तिवारी विधायक हैं यहां भी भाजपा हार गई। चुनाव परिणाम यह बता रहे हैं कि नगर पालिका चुनाव की परीक्षा में जौनपुर से मंत्री, विधायक, सांसद फेल हो गए। कोई अपनी साख नहीं बचा पाया।