मुकेश अंबानी फिर बने सबसे अमीर भारतीय, जानिए अडानी किस पायदान पर पहुंचे?

punjabkesari.in Thursday, Mar 23, 2023 - 07:27 PM (IST)

मुंबईः कंपनी संचालन और बही-खाते में गड़बड़ी को लेकर चिंता के बीच उद्योगपति गौतम अडाणी के नेटवर्थ में 60 प्रतिशत का नुकसान हुआ है और वह दुनिया के अरबपतियों की सूची में खिसकर 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी उनसे आगे निकलते हुए सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं।



एम 3 एम हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट ने जारी की रिपोर्ट
एम 3 एम हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के अनुसार, पिछले साल से अगर तुलना की जाए तो अडाणी को इस वर्ष हर सप्ताह औसतन 3,000 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है और कुल मिलाकर उनका नेटवर्थ उच्चतम स्तर से 60 प्रतिशत घट गया है। इसके साथ मार्च के मध्य में उनकी कुल संपत्ति 53 अरब डॉलर रह गयी। रिपोर्ट के अनुसार, अंबानी को भी इस दौरान नुकसान हुआ। लेकिन इसके बावजूद वह अडाणी को पीछे छोड़ते हुए सबसे धनाढ्य भारतीय बन गए। उनका नेटवर्थ इस दौरान 20 प्रतिशत घटकर 82 अरब डॉलर पर आ गया।



हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी समूह के बही-खाते और शेयरों में गड़बड़ी का लगाया था आरोप-
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी वित्तीय शोध और निवेश कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने जनवरी के अंतिम सप्ताह में रिपोर्ट प्रकाशित कर अडाणी समूह पर बही-खाते और शेयरों में गड़बड़ी का आरोप लगाया था। हालांकि, समूह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। लेकिन इससे समूह की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई। संपत्ति में गिरावट के साथ अडाणी और अंबानी दोनों वैश्विक स्तर पर धनाढ्यों की सूची में नीचे आए हैं। जहां अडाणी दुनिया के धनवानों की सूची में खिसकर 23वें स्थान पर आ गए, वहीं अंबानी 19वें स्थान पर आ गए हैं।

Content Writer

Ajay kumar